दैनिक भारत न्यूज

वाराणसी।
हृदय रोगियों की बढ़ती संख्या और इलाज के लिए बड़े शहरों की दौड़ लगाने की मजबूरी को देखते हुए काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) में 500 बेड का अत्याधुनिक कार्डियक सेंटर बनाने की मांग उठी है। सर सुंदरलाल अस्पताल, चिकित्सा विज्ञान संस्थान (आईएमएस-बीएचयू) के कार्डियोलॉजी विभाग के प्रोफेसर ओम शंकर ने इस संबंध में केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार को पत्र भेजा है। उन्होंने आगामी बजट में इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए धनराशि आवंटित करने की मांग की है।
प्रो. ओम शंकर के अनुसार, वाराणसी और आसपास के जिलों में हृदय रोगियों की संख्या तेजी से बढ़ रही है, लेकिन मरीजों के बढ़ते दबाव के मुकाबले यहां विशेष चिकित्सा सुविधाएं पर्याप्त नहीं हैं। अत्याधुनिक जांच, इंटरवेंशनल कार्डियोलॉजी और हृदय सर्जरी की सुविधाओं से लैस 500 बेड का केंद्र बनने से मरीजों को एक ही स्थान पर व्यापक उपचार मिल सकेगा। इससे गंभीर मरीजों को समय पर इलाज मिलने के साथ बड़े शहरों पर निर्भरता भी कम होगी।
प्रो. शंकर ने पत्र में बताया है कि वाराणसी पूर्वांचल के साथ बिहार, मध्य प्रदेश के कई जिलों और नेपाल के कुछ हिस्सों के लिए प्रमुख स्वास्थ्य केंद्र है। इस बड़े क्षेत्र की अधिकांश आबादी ग्रामीण है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मरीजों को गंभीर हृदय रोग होने पर दिल्ली और लखनऊ जैसे शहरों का रुख करना पड़ता है। इससे इलाज पर खर्च बढ़ता है और कई बार समय पर उपचार नहीं मिल पाता। बीएचयू में समर्पित कार्डियक सेंटर बनने से लाखों लोगों को स्थानीय स्तर पर बेहतर और किफायती चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी।

*अगले पांच साल में प्रदेश में 10 और देश में 40 केंद्र बनाने का सुझाव*

प्रो. ओम शंकर ने केवल वाराणसी तक ही इस सुविधा को सीमित रखने के बजाय देशभर में ऐसे केंद्र स्थापित करने की जरूरत बताई है। उनके प्रस्ताव के अनुसार, अगले पांच वर्षों में उत्तर प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर कम से कम 10 और देश के अलग-अलग राज्यों में 40 कार्डियक सेंटर स्थापित किए जाने चाहिए। उन्होंने पत्र में इन केंद्रों के लिए आवश्यक उपकरणों और चिकित्सा सुविधाओं का सुझाव भी दिया है।
प्रो. शंकर ने पत्र में विश्व स्वास्थ्य संगठन के आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा है कि हृदय संबंधी बीमारियां दुनिया में मृत्यु के प्रमुख कारणों में शामिल हैं। भारत में भी हृदय रोगों के कारण होने वाली मौतों का अनुपात चिंताजनक है। मधुमेह और उच्च रक्तचाप जैसी बीमारियों के बढ़ते प्रसार से हृदय रोगियों की संख्या में इजाफा हो रहा है। वाराणसी और आसपास के क्षेत्रों में इस्केमिक हार्ट डिजीज, हार्ट फेलियर और वाल्व संबंधी बीमारियों के मरीजों को विशेष उपचार की जरूरत पड़ रही है।

*तीर्थयात्रियों के लिए भी साबित होगा उपयोगी*

वाराणसी देश-विदेश के श्रद्धालुओं का प्रमुख तीर्थस्थल और पर्यटन केंद्र भी है। यहां सालभर बड़ी संख्या में बुजुर्ग श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं। इनमें हृदय संबंधी आपात स्थिति का खतरा भी बना रहता है। ऐसे में अत्याधुनिक कार्डियक सेंटर स्थानीय नागरिकों के साथ बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए भी महत्वपूर्ण साबित हो सकता है। प्रो. शंकर का मानना है कि इस केंद्र की स्थापना से पूर्वांचल में हृदय रोगों के उपचार की व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *