दैनिक भारत न्यूज

आजमगढ़।
सरायमीर कस्बे में मंगलवार को भगवान श्री गणेश और मां लक्ष्मी की प्रतिमाओं के विसर्जन के दौरान डीजे बजाने को लेकर आयोजकों और पुलिस के बीच काफी देर तक गतिरोध बना रहा। डीजे बजाने पर निर्धारित गाइडलाइन का पालन कराने के आदेश के विरोध में आयोजकों ने सुबह से ही प्रतिमाओं का विसर्जन करने से इनकार कर दिया। थाना प्रभारी के काफी प्रयास और समझाने-बुझाने के बाद देर शाम को प्रतिमाएं विसर्जन के लिए दुर्वासा धाम रवाना हुईं।
जानकारी के अनुसार, सरायमीर कस्बे के महाजनी टोला, चौक, पुराना थाना, ठठेरी बाजार, सब्जी मंडी सहित विभिन्न स्थानों पर पंडाल बनाकर गणेश और लक्ष्मी की प्रतिमाएं स्थापित की गई थीं। मंगलवार को मूर्ति विसर्जन का कार्यक्रम निर्धारित था। इसको लेकर सरायमीर थाना प्रभारी ने पहले ही पीस कमेटी की बैठक में न्यायालय और उच्चाधिकारियों के आदेशों से आयोजकों को अवगत करा दिया था। उन्होंने स्पष्ट किया था कि डीजे निर्धारित गाइडलाइन के अनुसार ही बजाया जाएगा।
इस पर कमेटी के सदस्यों ने डीजे बजाने की अनुमति नहीं मिलने पर प्रतिमाओं का विसर्जन नहीं करने की बात कही। इसके चलते सुबह से ही विसर्जन को लेकर गतिरोध बना रहा। शाम होते-होते आयोजक प्रतिमाओं को लेकर कस्बे के मेवशी खाना पर एकत्र हो गए। इसकी सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए।
इस दौरान आयोजक डीजे बजाने की मांग पर अड़े रहे। काफी देर तक बातचीत और समझाने-बुझाने के बाद थाना प्रभारी ने 40 डेसीबल की आवाज में डीजे बजाने की अनुमति दी। इसके बाद सभी कमेटियों के सदस्य प्रतिमाओं के साथ थाना मोड़ पर एकत्र हुए। इस दौरान तेज आवाज में डीजे बजने से राहगीरों को आवागमन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। देर शाम को प्रतिमाएं विसर्जन के लिए दुर्वासा धाम रवाना हुईं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *