दैनिक भारत न्यूज

आजमगढ़।
सिधारी थाना क्षेत्र के शाहगढ़ बाजार के पास स्थित मां जगेश्वरी देवी इंटर कालेज में पढ़ने वाली कक्षा नौ की छात्रा राशि की मौत के मामले में पुलिस ने कालेज के प्रिंसिपल और शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया। प्रिंसिपल की गिरफ्तारी मंगलवार को हुई। जबकि शिक्षक रविवार को ही गिरफ्तार कर लिया गया। यह दोनों फीस सहित अन्य बातों को लेकर छात्राओं को प्रताड़ित करते थे। राशि की मौत के बाद इस विद्यालय में पढ़ने वाली अन्य छात्राएं भी दबी जुबान इनके आतंक की कहानी बयां करने लगी हैं।
सिधारी थाना क्षेत्र के जयरामपुर गांव निवासी मृत छात्रा राशि गोंड़ (14) पुत्री आशीष थी। वह शाहगढ़ बाजार के पास स्थित मां जगेश्वरी देवी इंटर कालेज में कक्षा नौ में पढ़ रही थी। बीते छह नवंबर को वह स्कूल गई थी। घर लौटते समय रास्ते में वह बेहोश होकर गिर गई। परिवार के लोग उसे अस्पताल में भर्ती कराए। इलाज के दौरान होश आने पर राशि ने परिवार के समक्ष पूरा घटनाक्रम कह सुनाया। इस दौरान राशि के चाचा आकाश ने वीडियो बना लिया। जिसमें राशि ने बताया कि कालेज के प्रिंसिपल अखिलेश यादव, शिक्षक रिंकू कुमार आदि उसे फीस सहित अन्य बातों को लेकर प्रताड़ित कर रहे थे। इनकी प्रताड़ना से तंग आकर छात्रा ने जहर खाकर जान दे दिया। चाचा को बयान देने के बाद राशि की मौत हो गई। राशि के चाचा आकाश ने बताया कि राशि की मौत के बाद अन्य कई छात्राओं ने फोन करके प्रिंसिपल और शिक्षक पर कई तरह के गंभीर आरोप लगा रही हैं। उधर घटना के बाद से ही पुलिस इस मामले में गंभीरता बरतते हुए आरोपी शिक्षक रिंकू कुमार को रविवार की शाम को गिरफ्ता कर ली। जबकि प्रिंसिपल अखिलेश यादव मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को जेल भेजवा दिया। इस संबंध में एसपी सिटी मानुष पारीक ने बताया कि जांच के दौरान पता चला कि छात्रा ने स्वयं 20 रुपये में जहर खरीदकर खाया था। इस मामले के दूसरे आरोपी प्रिंसिपल को गिरफ्तार कर जेल भेजवा दिया गया। जबकि शिक्षक पहले ही गिरफ्तार कर लिया जा चुका है। एसपी सिटी ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं पर गौर करते हुए जांच कर रही है। अन्य आरोपियों का नाम उजागर होने पर उनके विरुद्ध भी कार्रवाई की जाएगी। इस मामले की गहनता से जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *