

दैनिक भारत न्यूज ब्यूरो
आजमगढ़।
बीते 14 नवंबर की सुबह लकड़ी कारोबारी को गोली मारकर चार हजार रुपये लूटने वाले बदमाशों को कारोबारी के पास अधिक रुपये होने का अनुमान था। इसलिए घटना को अंजाम दिए थे। इस लूटकांड में शामिल दो बदमाश गुरुवार को देवगांव पुलिस के साथ हुए मुठभेड़ में गोली लगने से घायल हो गये हैं। इनका इलाज चल रहा है। बदमाशों की पहचान सीसीटीवी कैमरे से हुई थी। इनके पास से अवैध असलहा बरामद हुआ।
पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य के मुताबिक जियाउल इस्लाम पुत्र मुजीब खाँ निवासी सीधा सुल्तानपुर थाना निजामाबाद ने थाने पर आकर सूचना दिया कि मेरे भाई अयाजुल इस्लाम को उसके किराये के मकान मिर्जाआदमपुर लालगंज देवगाव के पास दो मोटर साईकिल पर सवार पाँच व्यक्ति आये तथा मेरे भाई से उलझने लगे। मेरे भाई के द्वारा विरोध करने पर उसके हाथ व पैर मे गोली मार दिये। गोली लगने पर मेरा भाई हाथ में लिये झोले के साथ जमीन पर गिर पड़ा। झोले में रखे कुछ कागजात व सम्भवतः दो चार हजार रुपये वे लोग लेकर भाग गये। । इस सूचना पर देवगांव थाने की पुलिस केस दर्ज कर जांच कर रही थी।
इस प्रकार हुई अभियुक्तों की पहचानः
एसपी के मुताबिक विवेचना के क्रम में घटना स्थल के आस पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से घटना को कारित करनें में अभियुक्त 1. शैलेश यादव पुत्र छोटेलाल उर्फ हिरालाल यादव निवासी पतौरा थाना केराकत जनपद जौनपुर 2. शमशाद पुत्र खुर्शीद निवासी ग्राम कदहरा थाना केराकत जनपद जौनपुर 3. मोनू यादव पुत्र प्रेमशंकर यादव उर्फ मुलायम यादव निवासी ग्राम जरासी थाना चन्दवक जौनपुर 4. विकास यादव उर्फ मुलायम यादव पुत्र रामकृत यादव निवासी ग्राम हौदवा थाना केराकत जनपद जौनपुर 5. सर्वेस यादव पुत्र रामअवध निवासी ग्राम मीरपुर थाना केराकत जनपद जौनपुर का नाम प्रकाश में आया। इसके आधार पर विवेचना में धारा 395 भादवि की बढ़ोतरी की गयी।
गिरफ्तारी का विवरण
एसपी ने बताया कि गुरुवार को प्रभारी निरीक्षक देवगांव राजीव कुमार मिश्रा मय हमराह द्वारा मुकदमा उपरोक्त में प्रकाश में आये अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु छावनी पर मौजूद थे। इसी दौरान मुखबिर ने सूचना दिया कि दो बदमाश कंजहित की तरफ से बसही की तरफ जा रहे हैं। इस सूचना पर पुलिस बल बसही मोड़ पहुंची तो एक मोटर साइकिल पर सवार दो बदमाश कंजहित की तरफ से आते दिखायी दिये। पुलिस को देखते ही मोटरसाईकिल सवार बदमाश अपनी गाड़ी मुड़ाकर भागना चाहे। रोड़ पर फिसलन के कारण वहीं गिर गये पुलिस से अपने को घिरता देख दोनों व्यक्तियों द्वारा अपने पास लिए असलहों से पुलिस को निशाना बनाकर जान से मारने की नियत से फायर किया, पर्याप्त चेतावनी के पश्चात भी बदमाशों ने पुलिस बल पर पुनःफायर किया पुलिस द्वारा आत्मरक्षार्थ नियंत्रित फायरिंग की गयी जवाबी कार्यवाही में दोनों व्यक्तियों के पैर में गोली लगी। एक बदमाश शमशाद और दूसरा मोनू यादव है। इनके पास से अवैध असलहा और कारतूस बरामद हुए।
पूछताछ के दौरान उगले राजः
पुलिस को अभियुक्तों ने बताया कि दिनांक 14.11.2023 को सुबह 9.30 बजे हम लोग व शैलेश यादव, सर्वेश यादव, विकास यादव उर्फ मुलायम यादव के साथ मिलकर मिर्जाआदमपुर लालगंज देवगांव में घटना को अंजाम दिये थे। जिसमें एक व्यक्ति को गोली मारकर उसके झोले में रखे पैसे लेकर भाग गये थे। लूट करने के लिए मिर्जाआदमपुर का रहने वाला राजेश यादव पुत्र राममूर्ती यादव ने बताया था कि जिससे लूट करना है वह झोले में तीन चार लाख रूपया लिया है, लेकिन उसके झोले में मात्र 4000 रूपये ही थे ।
