दैनिक भारत न्यूज ब्यूरो

आजमगढ़।
दांपत्य जीवन में आई दूरिया को खत्म करने के लिए चिकित्सक पति से बात करने के लिए भाईयों व रिश्तेदारों के साथ पहुंची पत्नी को देखते ही आक्रोशित चिकित्सक ने अपना आपा खो दिया। मामला हाथापाई तक पहुंच गया। चिकित्सक की पत्नी द्वारा पूरे मामले की सूचना पुलिस को दी गई। दोनों पक्ष शहर कोतवाली पहुंच कर एक दूसरे के खिलाफ तहरीर दिये। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
रविवार को दिन में शहर कोतवाली पहुंची महिला सौम्या नारायण ने बताया कि विगत 20 फरवरी 2011 को उनकी शादी शहर के मातबरगंज क्षेत्र में निजी प्रैक्टिस करने वाले बाल रोग विशेषज्ञ डाक्टर नीरज शर्मा के साथ हुई थी। इस दौरान चिकित्सक दंपती की संतान के रूप में एक पुत्री ने जन्म लिया, जिसकी उम्र इस समय 11 वर्ष हो गई है और वह अपने पिता के साथ रहती है। चिकित्सक की पत्नी का आरोप है कि किसी अन्य महिला के साथ अवैध सम्बन्ध होने के चलते बीते वर्ष 2019 से पति द्वारा उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा। इस समय वह महिला चिकित्सक पति के साथ रह रही है। पीड़िता सौम्या नारायण का आरोप है कि रविवार को वह अपने तीन भाईयों और दो रिश्तेदारों के साथ अपनी पुत्री से मिलने और दांपत्य जीवन में आई कटुता से संबंधित वार्ता करने पति के पास आई थी। हम सभी लोग चिकित्सक पति का इंतजार उनके अस्पताल पर कर रहे थे। दिन में करीब 12 बजे मेरे पति एक महिला के साथ अस्पताल पहुंचे तो मेरे रिश्तेदार उनके पास पहुंचे और मुझसे वार्ता कर मामले को निस्तारित करने की बात कही। तभी दोनों पक्षों में मारपीट होने लगी। इसकी जानकारी होने पर मैंने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद हम दोनों पक्षों को थाने लाया गया। शहर कोतवाली में दोनों पक्षों की ओर से एक दूसरे के खिलाफ तहरीर दी गई है। इस संबंध में शहर कोतवाल शशिमौली पांडेय ने बताया कि महिला के पति से अच्छे संबंध नहीं है। रविवार को वह पति के साथ रह रही बेटी से मिलने गई थी। इसको लेकर विवाद हुआ था। दोनों तरफ से तहरीर दी गई है। चौकी इंचार्ज को जांच के निर्देश दिए गए हैं। मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *