दैनिक भारत न्यूज

निजामाबाद, (आजमगढ)। निजामाबाद थाना क्षेत्र के बघोरा गांव निवासी मनती देवी पत्नी भिरगू यादव शुक्रवार की दोपहर अपने घर से फरिहां बाजार में एक अस्पताल में दवा लेने जा रही थी। जैसे ही वह अपने गांव के रास्ते से फरिहां रोड पर पहुंची थी कि उसके पीछे से दो युवक आकर बातचीत करने लगे। उसके बाद दोनों युवकों ने उक्त महिला से कहा कि उनके पास दो लाख रुपया है। इसे आप रख लें और अपने गहने उनको दे दें। इसको डबल करके आपके घर पहुंचा देंगे। महिला ठगों के चक्कर में आकर अपना लगभग पचास हजार रूपये कीमत के गहने जिसमें सोने की बाली, सिकड़ी व पायल शामिल हैं, सभी जेवर ठगों को दे दी। ठग महिला को दो लाख रूपये की जगह कागज की गड्डी बनाकर रुमाल में लपेटकर देकर खिसक लिए। महिला थोड़ी दूर जाकर रुमाल खोलकर देखा तो उसमें कागज थे। तब पीड़ित महिला रोकर चिल्लाने लगी। आसपास के लोगों ने इसकी सूचना फरिहां चौकी प्रभारी प्रमोद सिंह को दी। चौकी प्रभारी फरिहां चौक के सीसीटीवी कैमरा जॉच किए। चौकी प्रभारी ने बताया सीसीटीवी कैमरा में महिला दो लोगों के साथ मुहम्मदपुर रोड पर जाते दिख रही है। लेकिन दोनों ठग अपना मुंह बांधे हुए हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर ठगों की तलाश में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *