
दैनिक भारत न्यूज ब्यूरो
मुजफ्फरनगर।
मीरापुर उपचुनाव को लेकर शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय मंत्री रालोद अध्यक्ष जयंत चौधरी मुजफ्फरनगर के मोरना में मंच साझा किए। यहां दोनों नेता जनसभा को संबोधित करने के बाद कार्यकर्ताओं से संवाद भी किए। सीएम योगी ने मंच से सपा मुखिया अखिलेश यादव पर जमकर निशाना साधा।
महर्षि शुकदेव इंटर काॅलेज मोरना के खेल मैदान में यह जनसभा आयोजित की गयी थी। दोपहर करीब एक बजकर 21 मिनट पर सीएम योगी मोरना में पहुंचे थे।
सीएम योगी ने कहा कि मेरठ, मुजफ्फरनगर और आसपास के श्रद्धालु गंगा स्नान के लिए जाते हैं, वहां विश्राम करते हैं। हम निर्वाचन आयोग का धन्यवाद करते हैं कि उन्होंने गंगा स्नान का सम्मान किया। लेकिन समाजवादी पार्टी ऐसा नहीं चाहती है। इन्होंने खटाखट के नाम पर जनता को गुमराह किया। इनके खटाखट का नाम मिला क्या, अब दोनों में खटपट शुरू हो गई। अवसर है अब इस समाजवादी पार्टी को सफाचट करने का। हथियारों का जखीरा बरामद हुआ था। याद करिए तब सपा सरकार के मुखिया उन दंगाइयों को सरकारी आवास में बुलाकर सम्मानित कर रहे थे। आपने देखा होगा कि जहां का किसान धरती माता में मेहनत और पुरुषार्थ लगाकर सोने जैसी फसले उगाता है, उसे ये पलायन कराने पर मजबूर कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि समाजवादी पार्टी समाज को बांटकर पूरी ताकत लगा रही थी। आज बेटियों बहनों की इज्जत के साथ कोई खिलवाड़ नहीं कर सकता। अपराधियों को मालूम है कि उसकी सजा उसे क्या मिलेगी। किसानों के मोटर चुराने की कीमत क्या चुकानी पड़ेगी।
सीएम ने कहा अब मेरठ से दिल्ली की दूरी भी रैपिड ने तय कर ली है। बहुत जल्द ये दूरी मुजफ्फरनगर तक भी पूरी होगी। अन्नदाता किसानों को सात वर्ष में दो लाख 53 हजार किसानों को गन्ना भुगतान कराया है। किसान सम्मान निधि का लाभ प्राप्त कर रहा है।
उन्होंने खिलाड़ियों का जिक्र करते हुए कहा कि आज देश का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाता है। हमें गुंडे और दंगाई नहीं चाहिए। विकास के बैरियर को हटाने वाले लोग चाहिए। किसान का सम्मान करने वाले लोग चाहिए। भाजपा और आरएलडी की सरकार ही इस कार्य को कर सकती है। क्योंकि हमारे आदर्श चाैधरी चरणसिंह हैं, धनसिंह कोतवाल जैसे महापुरुष हैं। जिनका सबकुछ मातृभूमि के लिए समर्पित हुआ है।
