
एसओ गंभीरपुर की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस अधीक्षक द्वारा की गयी कार्रवाई
एसपी ने सौंपी सीओ सिटी को पूरे मामले की जांच
दैनिक भारत न्यूज ब्यूरो
आजमगढ़।
पासपोर्ट की रिपोर्ट लगाने के बदले में गंभीरपुर थाने के तीन सिपाही 22 सौ रुपये की रिश्वत लिए थे। संज्ञान में आने पर एसओ ने रुपये वापस करा दिया था। इस खबर को आपके अपने * दैनिक भारत न्यूज * पोर्टल ने प्रमुखता से उठाया था। जिसे संज्ञान में लेते हुए पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने तीन सिपाहियों को निलंबित कर दिया। साथ ही पूरे मामले की जांच सीओ सिटी को सौंपी है। जांच रिपोर्ट आने के बाद अन्य के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
एसपी सिटी शैलेंद्र लाल के मुताबिक जिन तीन सिपाहियों को निलंबित किया गया है। उसमें कंप्यूटर आपरेटर आरक्षी ज्ञान यादव, अतुल शुक्ला और विजय यादव का नाम शामिल है। यह तीनों गंभीरपुर थाने के रहने वाले हैं।
बता दें कि गंभीरपुर थाना क्षेत्र के अंबरपुर गांव निवासी अभय चौहान पुत्र प्रेम कुमार चौहान ने पासपोर्ट के लिए आवेदन किया था। आवेदन के उपरांत पासपोर्ट ऑफिस वाराणसी से 8 नवंबर को जाकर वेरिफिकेशन करवा कर वापस आया था। शनिवार 11 नवंबर को गंभीरपुर थाने पर तैनात सिपाही अतुल शुक्ला अपने साथी सिपाही विजय यादव के साथ अभय चौहान के घर पहुंच कर पासपोर्ट रिपोर्ट वेरीफिकेशन के नाम पर ₹2200 ले लिया। पूछने पर दोनों सिपाहियों ने कहा था कि इन रुपयों में से उच्चाधिकारियों को भी हिस्सा देना पड़ता है। ऐसे में पीड़ित ने पूछा किन किन को हिस्सा जाता है तो सिपाहियों ने बताया कि ऊपर तक सबको देना पड़ता है। मामला संज्ञान में आने पर एसओ गंभीरपुर विनय सिंह ने रुपये वापस करा दिया। साथ ही सिपाहियों के खिलाफ एसपी को रिपोर्ट भेजा। जिसके आधार पर तीनों सिपाहियों को निलंबित कर दिया गया।
