
दैनिक भारत न्यूज ब्यूरो
आजमगढ़।
अहरौला थाना क्षेत्र के मुबारकपुर गांव में चोरी करने के उद्देश्य से घर में घूसे चोर को ग्रामीणों ने दबोच लिया। उसकी जमकर धुनाई करने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया गया।
ग्रामीणों के अनुसार गांव में एक महिला अपनी पांच साल की बच्ची के साथ रहती है। महिला शुक्रवार की सुबह करीब 6 बजे पड़ोस में एक शादी में विदाई के समय घर में ताला बंद कर विदाई में शामिल होने चली गई। इसी बीच घात लगाए बैठे चोरों ने घर का ताला तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया। जिसमें कुछ जेवर और नगदी शामिल है। एक चोर महिला के आने से पहले फरार हो गया, परंतु एक चोर को महिला के शोर मचाने पर ग्रामीणों ने पकड़ लिया। पकड़े गए चोर को रस्सी से बांधकर ग्रामीणों ने जमकर धुनाई कर दी। चोर गिड़गिड़ाता रहा, लेकिन ग्रामीणों ने उसकी एक नहीं सुनी। इसके बाद ग्रामीणों ने चोर को पुलिस के हवाले कर दिया। लेकिन चोर के साथ की गई मारपीट और रस्सी से बांधने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसका संज्ञान लेते हुए एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने थाना अध्यक्ष अहरौला को मामले की जांच करने का निर्देश दिया। उनका कहना है की जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे उस आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
