दैनिक भारत न्यूज

आजमगढ़।
मेंहनगर थाना क्षेत्र के गोपालपुर गांव के पट्टी पुरवा में जमीन को लेकर चल रहा पुराना विवाद हिंसक हो गया। पट्टिदारों ने एक महिला और उसकी दो बेटियों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे तीनों गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। घायलों को सीएचसी मेंहनगर में भर्ती कराया गया, जहां से डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए उन्हें रेफर कर दिया।
जानकारी के मुताबिक मेंहनगर थाना क्षेत्र के गोपालपुर गांव के पट्टी पुरवा निवासी 45 वर्षीया अनीता पत्नी राम विलाश सरोज का अपने पट्टिदारों से भूमि को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा है। उसी विवाद को लेकर विपक्षी अनीता के घर के पास लगे टीनशेड को हटाने लगे। अनीता ने जब इसका विरोध किया तो विपक्षियों ने लाठी-डंडों से उस पर हमला कर दिया और उसे बेरहमी से मारने-पीटने लगे। मां को बचाने के लिए उसकी दो बेटियां 24 वर्षीया नंदिनी और 16 वर्षीया संजना बीच-बचाव करने पहुंचीं, लेकिन हमलावरों ने उन्हें भी नहीं छोड़ा और मारपीट कर घायल कर दिया। घटना के दौरान किसी ग्रामीण ने पूरी मारपीट का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना के बाद गांव के लोगों ने घायल मां और दोनों बेटियों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मेंहनगर पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने तीनों की हालत गंभीर देखते हुए उच्च चिकित्सा केंद्र के लिए रेफर कर दिया। पीड़ित अनीता ने आरोपियों के खिलाफ मेंहनगर थाने में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *