रिलायंस कंपनी के बंद पड़े टावर को सप्लाई के लिए खिंचा गया है तार
दैनिक भारत न्यूज ब्यूरो
बूढ़नपुर।
नगर पंचायत अतरौलिया के खानपुर फतेह निवासी गोलू पुत्र विनोद विश्वकर्मा 6 वर्ष जो दोपहर लगभग 12:15 बजे अपने छत पर खेल रहा था की इसी बीच 11हज़ार बोल्ट के तार में लटकी हुई पतंग पर उसकी नज़र पड़ी और वह लोहे की रॉड से पतंग को उतारने लगा ,इस दौरान वह हाई वोल्टेज करंट की चपेट में आ गया और दो मंजिले मकान से नीचे जा गिरा जिससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई ।इस दौरान मृतक गोलू के घर के सभी सदस्य जोर जोर से दहाड़े मार कर रोने बिलखने लगे। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी विजय प्रताप सिंह भी घटना स्थल पर पहुंच गए और मृतक के परिजनों से जानकारी घटना की हासिल की। हालांकि परिजनों ने पोस्टमार्टम करने से इनकार कर दिया और शव को दाह संस्कार के लिए लेकर चले गए। मृतक गोलू घर में सबसे छोटा था जो कक्षा एक का छात्र था, इसका एक भाई रुद्र 14 वर्ष का है तथा बहन दीपिका 12 वर्ष की। मृतक का पिता विनोद विश्वकर्मा जो घर पर ही वेल्डिंग का कार्य करते है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि छत के करीब से ही हाई वोल्टेज तार जो रिलायंस कंपनी के टावर में सप्लाई के लिए गया है टावर विगत 10 वर्षों से बंद पड़ा है लेकिन बिजली का कनेक्शन अभी चालू है। हालांकि इस संदर्भ में उपखंड अधिकारी बृजेश कुमार राव ने दु:ख व्यक्त किया है और जांच कराकर पीड़ित की हर संभव मदद का भरोसा दिया।