
दैनिक भारत न्यूज
प्रयागराज।
बलिया से वाराणसी होते हुए देश की आर्थिक राजधानी मुंबई जाने वाली ट्रेन नंबर 11072 कामायनी एक्सप्रेस ट्रेन में मंगलवार को बम की सूचना से हड़कंप मच गई। ट्रेन वाराणसी से चलकर प्रयागराज आ रही थी। शाम छह बजे के करीब कामायनी एक्सप्रेस उत्तर रेलवे के जंघई रेलवे स्टेशन के करीब थी। तभी जीआरपी कंट्रोल रूम में किसी ने फोन कर कहा कि कमायनी एक्सप्रेस में बम रखा है। ट्रेन रोक लें वरना विस्फोट हो जाएगा। मुंबई जाने वाली अहम ट्रेन में बम की सूचना से हडकंप मच गया। कुछ ही देर में मौके पर भारी भरकम फोर्स पहुंचकर ट्रेन की तलाशी लेने लगी। इस दौरान पुलिस वाले यात्रियों को बाहर नहीं निकलने दे रहे। खड़ी ट्रेन और आसपास हर तरफ खाकी नजर आने से बोगी में बैठे यात्री काफी दहशत में हैं। ट्रेन में यात्रा कर रहे अखिलेश कुमार, रामनरायन, रोशनी, शिवकुमार आदि ने बताया की ट्रेन काफी देर से जंघई के पास खड़ी है। हम लोग ट्रेन के डिब्बे में बैठकर ट्रेन चलने का इंतजार कर रहे हैं। इस सूचना से परिवार के लोग भी भयभीत हैं।
