
दैनिक भारत न्यूज
लखनऊ।
यूपी सरकार पुलिस की तरह अब होमगार्ड जवानों को इंसास राइफल और कमांडेंट को सुरक्षात्मक तौर पर पिस्टल से लैस करेगी। इसके अलावा सरकार ने होमगार्ड जवानों को कई सुविधाएं भी प्रदान की हैं। होमगार्ड जवानों का दैनिक भत्ता भी बढ़ाया है।
होमगार्ड व नागरिक सुरक्षा मंत्री धर्मवीर प्रजापित ने सोमवार को बताया कि योगी सरकार राज्य के होमगार्डों की व्यवस्था में सुधार के लिए कार्य कर रही है। सरकार होमगार्ड विभाग में काम करने वाले कर्मियों के जीवनस्तर में सुधार के लिए सक्रिय भूमिका निभाने में जुटी हुई है। इसी कड़ी में राज्य सरकार ने परिवर्तन करने का मन बनाया है।
मंत्री ने बताया कि सरकार होमगार्डों को अब इंसास राइफलें सुरक्षा के लिए प्रदान करने के साथ साथ कमांडेंट को पिस्टल प्रदान करेगी। इसके लिए विभाग 300 राइफलें खरीदेगी। जिला कमांडेंट व डिप्टी कमांडेंट को पिस्टल प्रदान की जाएगी। होमगार्ड को दैनिक भत्ते में बढ़ोत्तरी करके 918 रुपए देने की योजना बनाई है। होमगार्डों को प्रदेश भर में 92 दिनों की ट्रेनिंग दिलवाकर तैयार रही है। मंत्री ने कहा कि पिछली सरकार में होमगार्डों को तीन लाख रुपये दुर्घटना बीमा मिलता था, लेकिन अब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसे बढ़ाकर पांच लाख रुपये कर दिया है। यह अनुग्रह राशि घर पर या ड्यूटी के दौरान कहीं भी दुर्घटना में मौत हो जाने पर उन्हें मिलेगी। इसके अलावा बैंकों से यह करार किया गया है कि होमगार्ड केवल अपना खाता बैंक में खोलकर संचालित करेंगे। उनके साथ कोई भी हादसा हो जाने पर मौत होने की स्थिति में बैंक से 30 लाख रुपये और विभाग द्वारा पांच लाख रुपये दिया जाएगा। ऐसे में उनके साथ हादसा होने पर 35 लाख रुपये की रकम परिवार को मिल सकेगी।
