
दैनिक भारत न्यूज ब्यूरो
लखनऊ।
कांग्रेस पार्टी को बड़ा झटका लगा है। पार्टी के वाराणसी सीट से पूर्व सांसद रहे राजेश मिश्रा ने भाजपा का दामन थाम लिया है। मंगलवार को देश की राजधानी दिल्ली में रविशंकर प्रसाद और अरुण सिंह की मौजूदगी में राजेश मिश्रा ने भाजपा ज्वाइन किया। उत्तर प्रदेश में कांग्रेस और सपा के बीच गठबंधन का ऐलान होने के बाद से ही वह नाराज चल रहे थे। वह अपनी नाराजगी को खुलकर व्यक्त भी किया था। पिछले लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने राजेश मिश्रा को देवरिया से मैदान में उतारा था। इस बार भी वह टिकट के दावेदार थे। कहा जा रहा है कि इस बार उन्होंने देवरिया के साथ ही भदोही से भी लड़ने की इच्छा जताई थी। माना जा रहा है कि भदोही से वह भाजपा के टिकट पर उतर सकते हैं।
बता दें कि राजेश मिश्रा 2004 से 2009 तक वाराणसी के सांसद रहे। उन्होंने तब के कद्दावर भाजपा नेता और लगातर कई बार से सांसद बन रहे शंकर प्रसाद जायसवाल को हराया था। दिल्ली में भाजपा ज्वाइन करने के बाद राजेश मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस में अपमानित किया जा रहा था।
राजेश ने कहा कि ये सौभाग्य की बात है की नरेन्द्र मोदी वाराणसी के सांसद हैं। पूरी दुनिया में मोदी जी ने देश का नाम रोशन किया है।
सपा और कांग्रेस के गठबंधन के बाद ही राजेश मिश्रा ने पार्टी नेतृत्व के खिलाफ मोर्चा खोल दिया था। यहां तक कहा था कि यूपी में कांग्रेस ने सपा के सामने सरेंडर कर दिया है।
