
दैनिक भारत न्यूज
आजमगढ़ :
मंडलीय कारागार आजमगढ़ में हत्या के मामले में निरुद्ध बंदी की रविवार देर शाम संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल पहुंचकर जेल प्रशासन पर हत्या का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। वहीं घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस परिजनों को समझा बुझाकर किसी तरह से शांत कराया। फिलहाल पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज मौत के कारणों का पता लगाने में जुट गयी है।
मुबारकपुर थाना क्षेत्र के पुरुषोत्तमपुर गांव निवासी उग्रसेन सिंह 37 पिछले वर्ष दिसंबर माह में हत्या के मामले में जेल में निरुद्ध था। जेल प्रशासन के अनुसार उसने सुबह भोजन भी किया था। जेल के अधिकारियों ने बताया कि शाम के समय अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई और ब्लड प्रेशर काफी नीचे चला गया। प्राथमिक उपचार के लिए उसे पहले जेल अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन हालत में सुधार न होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। अस्पताल प्रशासन की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। इस बात की जानकारी परिजनों को दी। इस दौरान अस्पताल पहुंचे परिजनों ने जेल प्रशासन पर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। जिसके बाद पुलिस ने किसी तरह समझा-बुझाकर स्थिति को नियंत्रित किया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। डेडबॉडी को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।
