आशीष तिवारी
आजमगढ़।
पुलिस अधीक्षक हेमराज मीना ने शुक्रवार को भगवान विष्णु के अवतार भगवान वाराह और हरितालिका तीज के अवसर पर बूढ़नपुर चौक पर पुलिस सहायता केंद्र का लोकार्पण किया।
यह पुलिस सहायता केन्द्र “बुढनपुर चौराहा” पर बनाया गया है। यहां पर दिन और रात पुलिस लोगों की सहायता और सहुलियत के लिए मौजूद रहेगी।
पुलिस के मुताबिक इस बूथ का निर्माण हाइवे व कन्धरापुर से आने-जाने वाले यात्रियों की सहायता व अपराध नियन्त्रण के दृष्टिगत किया गया है। इसके अलावा अयोध्या से वाराणसी आने-जाने वाले वाहनों व यात्रियों की सहायता भी यहां से आसानी से की जा सकेगी। क्योंकि अक्सर लोग नेशनल हाईवे से होकर अयोध्या में भगवान श्री राम और वाराणसी में बाबा विश्वनाथ का दर्शन करने वालों की भीड़ रहती है। रात में सहायता न मिलने से लोगों को काफी परेशानी हो रही थी। इसके अलावा इस बूथ के समीप बूढ़नपुर तहसील व बाजार भी स्थित है। अतरौलिया थाना यहां से दूर होने की वजह से यहां पर बाजार में ट्रैफिक व्यवस्था बेपटरी हो जा रही थी, लोग जाम के झाम में फंस जाते थे, अब जाम और अपराध नियन्त्रण में भी आसानी होगी। उद्घाटन के अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन, क्षेत्राधिकारी बुढ़नपुर किरन पाल सिंह, थानाध्यक्ष अतरौलिया, चौकी प्रभारी बुढ़नपुर व अन्य अधिकारी कर्मचारी गण मौजुद रहे।


