दैनिक भारत न्यूज

लखनऊ।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को बम से उड़ाने की धमकी दी गयी है। गोरखपुर से सटे बस्ती जिले का यह मामला है। गौर थाने की पुलिस अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज करके मामले की जांच कर रही। इससे पूर्व भी सीएम योगी आदित्यनाथ को जान से मारने की धमकियां दी जा चुकी हैं।
बस्ती जिले के गौर थाना क्षेत्र के जोगिया गांव निवासी अभिषेक दूबे ने पुलिस को तहरीर दी है। जिसमें उन्होंने बताया कि वह ‘सनातन धर्म सर्वोपरि’ नाम से एक ह्वाट्सप् ग्रुप चलाते हैं। ग्रुप में ओपेन लिंक के माध्यम से एक अनजान नंबर एड हो गया है। इसी नंबर से उस ग्रुप में एक वीडियो भेजा गया है। तकरीबन 11 सेकेंड के वीडियो में दो लोगों की आवाज सुनाई पड़ रही है। वीडियो में दोनों लोग आपस में बात कर रहे हैं। इस दौरान एक व्यक्ति सीएम योगी को बम से फोड़ने की बात कह रहा और दूसरा हामी भर रहा है। वीडियो में एक व्यक्ति का चेहरा नजर आ रहा है।
अभिषेक दूबे ने बताया कि उन्होंने वीडियो पोस्ट करने वाले नंबर पर फोन कर पूछा तो उसने स्वीकार किया कि वीडियो बनाया है। उधर पुलिस के प्रारंभिक जांच में पता चला कि जिस मोबाइल नंबर से वीडियो भेजी गयी है वह कासगंज जनपद के किसी व्यक्ति का है। थानाध्यक्ष गौर विनय प्रताप सिंह ने बताया कि अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच सीओ हरैया कार्यालय में तैनात निरीक्षक संजय सिंह को सौंपी गई है।
बता दें कि यह पहला मौका नहीं है जब सीएम योगी को इस तरह से धमकी दी गई है। इससे पहले भी सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर कई बार धमकियां मिल चुकी हैं। ज्यादातर मामलों में मामला गंभीर नहीं पाया गया। हालांकि पुलिस इस मामले की गंभीरता को देखते हुए सच का पता लगाते हुए आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *