
दैनिक भारत न्यूज ब्यूरो
आजमगढ़।
हत्या तथा गैंगस्टर के दो अलग अलग मुकदमे में बांदा जेल में बंद मुख्तार अंसारी को वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए शुक्रवार को एमपी एमएलए स्पेशल सत्र न्यायालय में पेश किया गया। 6 फरवरी 2014 को तरवा थाना क्षेत्र के एरा कला गांव में सड़क निर्माण कार्य में लगे मजदूरों पर फायरिंग की गई थी।इस फायरिंग में बिहार के गया निवासी मजदूर इकबाल की मौत हो गई थी तथा पांचू नाम का एक मजदूर घायल हो गया था। हत्याकांड में घटना के करीब सात महीने बाद मुख्तार अंसारी का नाम इस घटना की साजिश रचने के तौर पर आया। इस मुकदमे में गवाही की प्रक्रिया चल रही है। शुक्रवार को किसी गवाह की उपस्थिति ना होने पर अदालत ने सुनवाई के लिए अगली तारीख 15 दिसंबर निर्धारित कर दी। वहीं इसी हत्याकांड से जुड़े गैंगस्टर एक्ट का मुकदमा अक्टूबर 2020 में दर्ज किया गया इस मुकदमे में भी गवाही की प्रक्रिया चल रही है। शुक्रवार को मुकदमे के सातवें गवाह विवेचक इंस्पेक्टर अनिल चंद्र तिवारी कोर्ट में उपस्थित हुए और मुख्तार अंसारी के अधिवक्ता की तरफ से अनिल चंद्र तिवारी से जिरह की गई। गवाही पूरी होने पर अदालत ने अगली सुनवाई के लिए 14 दिसंबर तारीख निर्धारित कर दी।
