
आजमगढ़।
विकास प्राधिकरण आजमगढ़ द्वारा प्राधिकरण के क्षेत्र में लागू की जाने वाली विकास की व्यवस्थित योजनाओं को अब जल्द ही लागू किया जाएगा। क्योंकि प्राधिकरण द्वारा भेजी गयी महायोजना 2031 की रिपोर्ट को शासन द्वारा स्वीकृति प्रदान कर दी गयी है। यह जानकारी सोमवार को अपर मुख्य सचिव द्वारा डीएम आजमगढ़ को भेजे गये पत्र के जरिए हुई है।
अपर मुख्य सचिव नितिन रमेश गोकर्ण की तरफ से भेजे गये पत्र के मुताबिक महायोजना 2031 को स्वीकृति प्रदान करते हुए शासन द्वारा मंजूरी दे दी गयी है। इस योजना के लागू होने पर आजमगढ़ शहर और आसपास के क्षेत्रों की हुलिया बदल जाएगी। विकास प्राधिकरण आजमगढ़ में अब अलग से औद्योगिक क्षेत्र भी बनाया जाएगा। इसके अलावा शहर में तमाम तरह के सरकारी और गैर सरकारी भवनों को जो आमजन से जुड़े हुए हैं इधर उधर बना दिया गया है। उसे भी व्यवस्थित किया जाएगा। जिसकी पूरी कार्ययोजना आदि को प्राधिकरण बहुत पहले ही तैयार कर चुका है। अब उन्हें लागू करने की बारी है।
क्या है महायोजना
महायोजना वह ढांचा प्रदान करता है जो शहर के व्यवस्थित विकास में मदद करता है। यह योजना भविष्य की मांग को पूरा करने के लिए पर्याप्त बुनियादी सुविधाएं प्रदान करती है। यह शहरी क्षेत्रों के लिए एक सुनियोजित वित्तीय संरचना भी प्रदान करता है जो शहरी विकास क्षेत्र में प्रभावी प्रशासन के लिए मदद करता है। *कोट*
आजमगढ़ एडीए की तरफ से भेजी गयी रिपोर्ट के आधार पर महायोजना 2031 को शासन द्वारा स्वीकृति प्रदान कर दी गयी है। जल्द ही इस संबंध में जारी गाइडलाइन के तहत काम शुरू हो जाएगा। इस फैसले से शहर में विकास का एक नया आयाम जुड़ेगा।
आजाद भगत सिंह
एडीएम वित्त एवं राजस्व/ एडीए सचिव
