दैनिक भारत न्यूज

आजमगढ़।
जिलाधिकारी विशाल भारद्वाज ने सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर से विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान व दस्तक अभियान के अन्तर्गत संचारी रोग से रोकथाम व बचाव हेतु शपथ ग्रहण कराकर स्वास्थ्य कर्मियों, सफाई कर्मियों, सफाई वाहनों आदि की रैली को हरी झंडी दिखाकर किया। यह कार्यक्रम लगातार एक माह तक चलेगा।
जिलाधिकारी ने कहा कि इस बार विशेष संचारी रोग व दस्तक अभियान के दौरान हीट वेव से बचाव की जानकारी भी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रथम चरण जनपद में 1 अप्रैल से 30 अप्रैल तक चलाया जाना प्रस्तावित है। जिसमें विभिन्न विभाग आपसी समन्वय स्थापित करते हुए विभिन्न गतिविधियां जैसे- झाड़ियों की कटाई, नालियों की सफाई, कीटनाशक दवाओं का छिड़काव, जनजागरूकता आदि कार्यक्रम संपादित करेंगे। समस्त विभागों द्वारा आपसी समन्वय बनाते हुए शासन द्वारा दी गई गाइड लाइन में दिए गए निर्देशों के अनुसार अपने-अपने कार्य व दायित्वों का पालन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पिछली बार दस्तक अभियान दो सप्ताह तक चलाया गया था, लेकिन इस बार दस्तक अभियान 3 सप्ताह तक चलाये जाने का निर्णय लिया गया है। दस्तक अभियान के अंतर्गत आशा व आंगनवाड़ी कार्यकत्रियां घर-घर जाकर बुखार के रोगियों, क्षयरोग के लक्षण वाले व्यक्तियों, कुपोषित बच्चों आदि की जानकारियां एकत्र करेंगी। दस्तक अभियान में घर-घर भ्रमण के दौरान आशा कार्यकर्ता द्वारा घर के प्रत्येक सदस्य की आभा आईडी बनाने का भी कार्य किया जाएगा।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आईएन तिवारी, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ अजीज, समस्त अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला मलेरिया अधिकारी, सहयोगी संस्था यूनिसेफ, डब्लूएचओ के प्रतिनिधि सहित समस्त कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *