दैनिक भारत न्यूज

आजमगढ़।
लावारिस मृतकों की आत्मा की शांति के लिए भारत रक्षा दल पिछले कई वर्षों से सेवा कार्य कर रहा है। इसी क्रम में पितृपक्ष पर शनिवार को स्थानीय राजघाट पर तर्पण, पिंडदान और श्राद्ध कर्म का आयोजन किया गया। इसके बाद कलेक्ट्रेट स्थित रिक्शा स्टैंड पर सामूहिक भोज, दान-दक्षिणा और श्राद्ध भोज सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम का नेतृत्व संगठन के हरिकेश विक्रम श्रीवास्तव ने किया। उन्होंने बताया कि वर्ष 2013 से भारत रक्षा दल जिले भर में लावारिस मृतकों का अंतिम संस्कार कर रहा है। “समाज में हर व्यक्ति अपने परिजनों का संस्कार करता है, लेकिन लावारिस मृतकों को कोई पूछने वाला नहीं होता। मानवकाया की दुर्गति हमें देखी नहीं गई, इसलिए हमने यह दायित्व लिया,” उन्होंने कहा।
इस अवसर पर जैनेंद्र चौहान, आरपी श्रीवास्तव, शक्ति शरण, अनूप श्रीवास्तव, मनीराम, विनोद शर्मा, प्रदीप चौहान, चंद्रप्रकाश, हरेंद्र यादव सहित कई लोगों ने यजमान बनकर तर्पण और पिंडदान किया। अनुष्ठान पुरोहित सभाजीत पांडे की वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सम्पन्न हुआ। इसके बाद ब्राह्मणों को वस्त्र, धन और धातु का दान देकर सामूहिक श्राद्ध भोज का आयोजन किया गया।
स्थानीय लोगों ने भारत रक्षा दल की इस पहल को समाज के लिए अनुकरणीय बताया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पदाधिकारी और नागरिक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *