

दैनिक भारत न्यूज
आजमगढ़।
पुलिस के लाख प्रयास के बावजूद युवाओं में तमंचे का खुमार नहीं उतर रहा है। ऐसा ही एक मामला जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के हरैया गांव में उजागर हुआ, जहां एक युवक तमंचा लहराते हुए स्टेज पर चढ़ गया, डांसर को धमकाते हुए मनपसंद गाने की धुन पर गाना बजवाकर नचवाया। मामले का वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने संज्ञान में लिया और मामले की जांच पड़ताल में जुट गयी है।
बता दें कि जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के हरैया गांव का रहने वाला यह युवक मनबढ़ किस्म का है। वह अक्सर तमंचा खोंसकर चलता है। अपने सोशल मिडिया हैंडल के तमाम प्लेटफार्म पर भी आमजन में दहशत फैलाने के लिए तमंचे के साथ का फोटो शेयर किया है। गांव वालों के मुताबिक गत दिनों गांव में एक
शादी समारोह में बार बालाएं डांस के लिए आई हुई थी। कार्यक्रम के दौरान मनबढ़ किस्म का युवक तमंचा लहराते हुए मंच पर चढ़ गया। तमंचा लहराते हुए मनपसंद गाना पर बार बालाओं से ठुमके लगवाया। मामले का वीडियो वायरल होने पर चर्चाओं का बाजार गरम हो गया।
इस संबंध में एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि मामला हमारे संज्ञान में है। कोतवाल जीयनपुर को जांचकर दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आदेश दिया गया है।
