
दैनिक भारत न्यूज ब्यूरो
फूलपुर, (आज़मगढ़)।
सिने तारिका व सामाजिक कार्यकर्ता शबाना आजमी मंगलवार को फूलपुर कोतवाली क्षेत्र में स्थित अपने पैतृक गांव मेजवां स्थित अपने घर फतेह मंजिल पहुंची। उनके साथ भाई सिने फोटोग्राफर बाबा आजमी, मेजवां वेलफेयर सोसायटी की सचिव नम्रता गोयल भी मौजूद थीं। महिलाओं ने गांव की बिटिया शबाना आजमी की आरती उतारी और फूलमाला से जोरदार स्वागत किया। कैफी आजमी अमर रहे, शबाना आजमी जिंदाबाद और कमाने वाला खाएगा लूटने वाला जाएगा के नारे लगाए, जिससे पूरा फतेह मंजिल गूंज उठा।
वाराणसी एयरपोर्ट से शबाना फतेह मंजिल पर लगभग साढ़े चार बजे पहुंची। जहां काफी देर से ग्रामीण उनकी प्रतीक्षा कर रहे थे। उनके पहुंचने पर कैफी आजमी चिकनकारी में कार्यरत महिलाओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद शबाना फतेह मंजिल में स्थापित शायर व फिल्म गीतकार मरहूम कैफी आजमी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस दौरान उन्होंने लोगों का कुशलक्षेम पूछा। मेजवां वेलफेयर सोसायटी के प्रबंधक आशुतोष त्रिपाठी से अग्रिम कार्यक्रम की जानकारी ली। इस मौके पर अंशुमान जायसवाल, अनिल मेहरा, राहुल श्रीनिवास, संयोगिता, गोपाल, निर्मला, आरएन, मनीषा, सीताराम, प्रकाश, अनिरुद्ध, जैकी, मनोज प्रजापति आदि थे।
