
दैनिक भारत न्यूज
आजमगढ़।
उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा नव चयनित बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग की 2425 मुख्य सेविकाओं एवं 13 फार्मासिस्ट को बुधवार गणेश चतुर्थी के अवसर पर नियुक्ति पत्र दिया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया। इसके बाद प्रदेशभर के जिलों में नियुक्ति पत्र वितरण किया गया। इसीक्रम में आजमगढ़ जिले के हरिऔध कला केंद्र में भाजपा एमएलसी विजय बहादुर पाठक के हाथों जिले के 101 मुख्य सेविका के पद पर चयनित हुई महिलाओं को नियुक्ति पत्र दिया गया। नियुक्ति पत्र पाने वालों के चेहरे खिल उठे। परिवार के लोग भी फूले नहीं समा रहे। हालांकि लापरवाही के चलते कुछ पात्रों को नियुक्ति पत्र नहीं मिल सका है, उन्हे भी जल्द दे दिया जाएगा।
इस अवसर पर विधान परिषद सदस्य ने कहा कि इस भर्ती में अयोध्या के बाद आजमगढ़ में सर्वाधिक मुख्य सेविकाओं का चयन हुआ है, यह आजमगढ़ के लिए गर्व का विषय है।
उन्होने कहा कि मुख्यमंत्री ने आजमगढ़ का छवि/स्वरूप ही बदल दिया है। आजमगढ़ के लोग आज हर क्षेत्र में अपना नाम कमा रहे हैं।
भाजपा एलएलसी ने कहा कि मुख्य सेविकाओं को आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों के साथ समन्वय बनाना है, और अपने काम का अनुश्रवण करते हुए सरकार की मंशा के अनुसार कार्य करना है। उन्होने कहा कि शासन की मंशा है कि प्री प्राइमरी स्कूल के बच्चों को आंगनवाड़ी केन्द्र के बच्चों को शिक्षित किया जाए। इसके लिए शासन स्तर से प्रदेश में कुल 5000 विद्यालय चिन्हित किये गये हैं। उन्होने कहा कि आने वाले समय में नई तकनीक के माध्यम से आपको सशक्त करते हुए एक अच्छी व्यवस्था आंगनवाड़ी केन्द्रों की स्थापित करेंगे। उन्होने कहा कि आने वाले 06 महीनों में बहुत ही महत्वपूर्ण कार्य किया जाना प्रस्तावित है, जिसमें सबसे महत्वपूर्ण बाल वाटिका है। जो विद्यालय एक किमी की परिधि में हैं, उनमें बाल वाटिका स्थापित की जायेंगी। सरकार की मंशा है कि हर जगह आंगनवाड़ी केन्द्र बने, जहां पर नहीं बने हैं, वहां के लिए प्रस्ताव भेजा जायेगा। उन्होने कहा कि एक मुख्य सेविका के अन्तर्गत लगभग 25 आंगनवाड़ी केन्द्र आयेंगे, और उन 25 आंगनवाड़ी केन्द्रों पर कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं से समन्वय स्थापित करते हुए आपको सरकार की मंशा के अनुरूप कार्य करने हैं। उन्होने कहा कि मुख्य सेविकाओं के ऊपर सरकार ने बहुत बड़ी जिम्मेदारी दी है एवं अपेक्षा किया है, इसके दृष्टिगत अपने दायित्वों एवं कर्तव्यों का पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी से निर्वहन करें।
इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी हेमन्त सिंह द्वारा मुख्य सेविकाओं को उनके कर्तव्यों एवं दायित्वों के प्रति अपने विचार व्यक्त किये गये।
प्रभारी मुख्य विकास अधिकारी/जिला विकास अधिकारी संजय कुमार सिंह द्वारा सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया गया। इस अवसर पर समस्त सीडीपीओ, नव चयनित मुख्य सेविकाएं एवं अन्य संबंधित उपस्थित रहे।
