
दैनिक भारत न्यूज ब्यूरो
आजमगढ़।
जिलाधिकारी विशाल भारद्वाज एवं पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य की अध्यक्षता में शनिवार को मेंहनगर तहसील सभागार में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जनसूनवाई के दौरान लापरवाही उजागर होने पर डीएम ने एक राजस्व निरीक्षक और दो लेखपालों के खिलाफ कार्रवाई का निर्देश दिया।
सुनवाई के दौरान डीएम के समक्ष प्रार्थी जितेन्द्र पुत्र भगेलू ग्राम बहोरापुर भद्दोर मेंहनगर द्वारा अवगत कराया गया कि प्रार्थी के सीमांकन आदेश के बावत कई बार दर्खाश्त देने के बावजूद अनुपालन न कराने पर प्रार्थी के भूमिधरी के बावत किसी प्रकार निषेधाज्ञा आदेश न होने के बावजूद मामले का निस्तारण नहीं किया गया है। उक्त प्रकरण में आदेश के बावजूद कार्यवाही न करने पर जिलाधिकारी ने राजस्व निरीक्षक घनश्याम यादव के विरूद्ध चार्जशीट देने के लिए उप जिलाधिकारी मेंहनगर को निर्देश दिये। इसीक्रम में दूसरे
प्रार्थी राजवीर सिंह पुत्र श्यामसुन्दर, ग्राम कटहन द्वारा अवगत कराया गया कि प्रार्थी के घर आने-जाने वाले रास्ते को गांव के प्रमोद सिंह व अन्य लोगों द्वारा काटकर अस्थाई तौर पर कब्जा किया गया है। उक्त प्रकरण में आदेश के बावजूद आवश्यक कार्यवाही न करने पर जिलाधिकारी ने कटहन के लेखपाल अजय सिंह को निलम्बित करने हेतु उप जिलाधिकारी मेंहनगर को निर्देशित किया। इसीक्रम में
प्रार्थी अम्बिका सिंह पुत्र स्व. द्वारिका सिंह, ग्राम दामा, मेंहनगर द्वारा अवगत कराया गया कि मौजा दामा में आराजी नं0 925 में खतौनी में चकरोड अंकित है। जिस पर तहसील मेंहनगर में प्रार्थी द्वारा चकमार्ग से अवैध कब्जा हटवाने के सम्बन्ध में प्रार्थना पत्र दिया गया। जिस पर लेखपाल देवेन्द्र राम ने बताया कि उक्त आराजी में नवीन पर्ती खाते की भूमि गलती से चकमार्ग दर्ज है। कागजात संशोधन हेतु रिपोर्ट प्रस्तुत की जा रही है। उक्त नम्बर में अवैध कब्जा नहीं है एवं उपरोक्त भूमि में बना आम रास्ता सुचारू रूप से चालू है। जबकि इससे पूर्व में लेखपाल द्वारा प्र्रस्तुत रिपोर्ट चकमार्ग पर अंकित है और आबादी होना दर्ज दिखाया गया है। जिस पर जिलाधिकारी ने उक्त प्रकरण का संज्ञान लेते हुए लेखपाल देवेन्द्र राम द्वारा गलत रिपोर्ट प्रस्तुत करने पर निलम्बित करने हेतु उप जिलाधिकारी मेंहनगर को निर्देशित किया।
सुनवाई के दौरान कुल 67 मामले आये, जिसमें से 6 मामलों का मौके पर निस्तारण किया गया तथा शेष 61 मामलों का निस्तारण करने के लिए संबंधित अधिकारी को भेज दिया गया।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी परीक्षित खटाना, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आईएन तिवारी, जिला विकास अधिकारी संजय कुमार सिंह, उप जिलाधिकारी मेंहनगर, तहसीलदार मेंहनगर, परियोजना निदेशक अखिलेश तिवारी सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
