
दैनिक भारत न्यूज
आजमगढ़।
यूजीसी इक्विटी नियमावली लागू करने की मांग आजमगढ़ में तेज पकड़ने लगी है। इस संबंध में शुक्रवार को फूलपुर क्षेत्र में पूर्वांचल किसान यूनियन और सोशलिस्ट किसान सभा ने प्रदर्शन किया।
फूलपुर तहसील मुख्यालय पर प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन उप जिलाधिकारी फूलपुर को सौंपा गया। यूजीसी रेगुलेशन लागू करो, न्यायपालिका में प्रतिनिधित्व की गारंटी करो, सहित अन्य मुद्दों के नारे लगाते हुए सभा की गयी। किसान संगठनों ने मेंहनगर, निजामाबाद के बाद फूलपुर तहसील पर ज्ञापन देते हुए बताया कि आजमगढ़ की सभी तहसीलों में ज्ञापन देते हुए ब्लॉक मुख्यालयों पर भी ज्ञापन दिया जाएगा। यूजीसी के मुद्दे को जनता के बीच में ले जाने के लिए गांव-कस्बों में यूजीसी चौपाल लगाई जाएगी।
वक्ताओं ने कहा कि रोहित वैमूला और पायल तड़वी की माओं के संघर्षों के बाद सुप्रीम कोर्ट ने यूजीसी को गाइडलाइन बनाने का निर्देश दिया है।
वक्ताओं ने कहा कि यूजीसी के अपने आँकड़े ही बताते हैं कि 2019 से 2024 के बीच विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में जाति आधारित भेदभाव की शिकायतों में 118 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। इस लिहाज से विश्वविद्यालयों-कॉलेजों को जाति भेदभाव व उत्पीड़न से मुक्त बनाने की दिशा में यूजीसी इक्विटी नियमावली न्यूनतम कोशिश है। इसे तत्काल लागू किया जाए।
सभा को पूर्वांचल किसान यूनियन महासचिव वीरेंद्र यादव, सोशलिस्ट किसान सभा महासचिव राजीव यादव, डॉ. राजेंद्र यादव और मुलायम यादव ने सम्बोधित किया।
प्रदर्शन में अधिवक्ता विनोद यादव, अवधेश यादव, साहब दीन, हीरालाल यादव, चंद्रशेखर मौर्या, नन्दलाल यादव आदि मौजूद रहे।
