दैनिक भारत न्यूज

आजमगढ़।
जनपद के महराजगंज क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं में लापरवाही को लेकर एक बड़ा मामला संज्ञान में आया है। डॉक्टर की लापरवाही के चलते प्रसव के बाद एक महिला की जान चली गई। अब पीड़ित पिता ने आजमगढ़ एसपी कार्यालय पहुंचकर इस मामले में दोषियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर एसपी से गुहार लगाया है। जनपद के महराजगंज थाना क्षेत्र के मुरादपुर अहीरगांव निवासी लालबहादुर पुत्र सिरपत ने शनिवार को एसपी को लिखित प्रार्थना पत्र सौंपकर गुहार लगाते हुए जानकारी दी कि उसकी पुत्री ज्ञानमती का विवाह जितेंद्र कुमार निवासी ग्राम मड़ोही थाना अतरौलिया के साथ हुई थी। 15 दिन पूर्व मेरी गर्भवती पुत्री मेरे घर आई थी। 17 जुलाई को उसे प्रसव पीड़ा हुई तो हम लोग उसे महराजगंज सीएचसी ले गए। जहां पर मेरी पुत्री ने एक बच्ची को जन्म दिया। वहां पर बताया गया कि बच्ची को बच्चों के अस्पताल में भर्ती करना होगा और जच्चा को काफी रक्तस्राव हो रहा है जिसे दूसरे अस्पताल में रेफर करना पड़ेगा। लापरवाही पूर्वक उन लोगों ने मेरी पुत्री ज्ञानमती को आजमगढ़ सदर अस्पताल ना भेजकर महराजगंज में स्थित प्राइवेट हॉस्पिटल में भेज दिया। बताया गया कि ब्लड चढ़ाना पड़ेगा और हम लोगों से कुल तेरह हजार रुपए जमा करा करके इलाज शुरू किया गया।हॉस्पिटल के डॉक्टर द्वारा लापरवाही पूर्वक मेरी पुत्री ज्ञानमती का उपचार किया गया जिसके चलते उसकी मौत हो गई। मेरी मृतक पुत्री के पति घर आए तो कम्हरिया घाट अंबेडकर नगर में उसका दाह संस्कार किया गया। वह रात लगभग 8:00 बजे वापस घर आ रहा था तभी हॉस्पिटल के डॉक्टर व कुछ कर्मचारी जो पहले से बैठकर उसका इंतजार कर रहे थे और रोककर सुलह समझौते की बात करने लगे। उनके द्वारा कहा गया की गलती हो गई है माफ कर दो जो तुम्हारा खर्च हुआ है उसे वापस कर देंगे। पीड़ित के मुताबिक 19 जुलाई की दोपहर में वह महराजगंज बाजार गया हुआ था। तभी हॉस्पिटल के डॉक्टर व कर्मचारी उससे मिले और उन लोगों ने जबरदस्ती हमें पन्द्रह हजार रुपए देकर वीडियो ग्राफी करते हुए कहलवाया कि हॉस्पिटल के डॉक्टर से कोई शिकायत नहीं है। जब इस संबंध में महराजगंज थाने पर सूचना दी गई तो कोई कार्यवाही नहीं की गई। जिससे थक हारकर पीड़ित पिता एसपी ऑफिस पहुंचकर प्रार्थना पत्र सौंपकर एसपी से न्याय की गुहार लगाई है। अब देखना होगा कि मनमाने रूप से लापरवाही पूर्वक प्राइवेट अस्पताल चलाने वाले ऐसे लोगों के खिलाफ जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा क्या कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *