
आशीष तिवारी
आजमगढ़।
लाख प्रयास के बावजूद अपराधियों में पुलिस भय नहीं उत्पन्न कर पा रही है। इसका ताजा उदाहरण गुरुवार की रात को आजमगढ़ शहर के पहलवान तिराहा पर देखने को मिला। जहां बाइक सवार बदमाश गाड़ी रोकवाकर एक जज साहब का कुत्ता चुरा ले गया। मामला संज्ञान में आने पर सिधारी थाने की पुलिस कुत्ता और चोरो को खोजने के प्रयास में जुटी हुई है। शुक्रवार को पूरे दिन इस घटना की जोरशोर से चर्चा रही।
जानकारी के मुताबिक न्यायिक व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए बड़े पैमाने पर दीवानी न्यायलय के जजों का ट्रांसफर किया गया है। इसीक्रम में एक जज साहब का ट्रांसफर आजमगढ़ दीवानी न्यायालय में किया गया है। गुरुवार को जज साहब का मालवाहक से सामान आजमगढ़ आ रहा था। देर शाम को जज साहब का सामान लेकर आ रहा मालवाहक जैसे ही आजमगढ़ शहर के पहलवान तिराहा के पास पहुंचा कि पीछे से एक बाइक पर सवार होकर तीन बदमाश आए। सामान लदे वाहन को रोकवाकर उसमें मौजूद जर्मनसेफर्ड नस्ल के कुत्ते के बच्चे को चुराकर फरार हो गये। वाहन चालक द्वारा इस घटना की सूचना जज साहब को दिया। उन्होने पुलिस को बताया। कुछ ही देर मे सिधारी थाने की पुलिस मौके पर पहुंचकर घटना स्थल का मुआयना करते हुए कुत्ता चुराने वालों की तलाश में जुट गयी। स्थानिय लोगों के मुताबिक पुलिस अभी भी कुत्ते की तलाश में जुटी हुई है।
