दैनिक भारत न्यूज

आजमगढ़।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को पवई बःलाक के सलारपुर के पास से 7283.28 करोड़ की लागत से बने 91.352 किमी. लम्बे गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे (गोरखपुर-संतकबीर नगर-अम्बेडकर नगर-आजमगढ़) का बटन दबाकर लोकार्पण किया।
गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस वे, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर जिस जगह से जुड़ा है, उस टी पॉइंट से मुख्यमंत्री ने फीता काटकर लोकार्पण किया। साथ ही यूपीडा की मेडिकल एम्बुलेंस को हरि झंडी दिखाकर रवाना किया। सीएम ने जिस लिंक एक्सप्रेसवे का लोकार्पण किया है, वहां से मेन टोल प्लाजा 4.650 किमी. भगवानपुर ग्राम में तथा 9.200 किमी ग्राम सरैया तिवारी, 12.500 किमी ग्राम हरनही, 27.600 किमी सीकरी, 36.500 किमी ग्राम बहादुरपुर उतरने वाले टोल प्लाजा हैं तथा आजमगढ़ की तरफ पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर 53.800 किमी टंडवा जलाल, 62.200 किमी अतरौलिया तथा 82.00 किमी प्रास टोल प्लाजा है। यह गोरखपुर में सहजनवा के पास जैतपुर से शुरू होकर पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के स्टोन नम्बर 191 पर जिले के सलारपुर में जुड़ा है। गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे के निर्माण के लिए 172 राजस्व ग्रामों के 22029 कृषकों की 1149 हेक्टयेर भूमि अधिग्रहित की गई है। जिसके लिए कृषकों को 2030.29 करोड़ का भुगतान किया गया है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने जनसभा को सम्बोधित किया। उन्होने कहा कि 91.35 किमी. लम्बे गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे का लोकार्पण पूर्वी उत्तर प्रदेश के लिए एक ऐतिहासिक क्षण है। इस एक्सप्रेसवे से गोरखपुर से लखनऊ (283 किमी) का सफर सिर्फ 3 घंटे में पूरा किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के कुशल नेतृत्व में उत्तर प्रदेश अब देश के सबसे बड़े एक्सप्रेसवे नेटवर्क के साथ विकास, विश्वास और वैभव की नई उड़ान भर रहा है। गोरखपुर को आजमगढ़ सहित कई जिलों से जोड़ने वाला गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे पूर्वी उत्तर प्रदेश की औद्योगिक प्रगति, पर्यटन विकास एवं निवेश के नए मार्ग प्रशस्त करेगा। उन्होने कहा कि उत्तर प्रदेश के विकास की रफ्तार रूकेगी नहीं, यही विकसित भारत का आधार बनेगा।
सीएम ने कहा उत्तर प्रदेश अपने वर्ल्ड क्लास रोड इंफ्रास्ट्रक्चर एवं एक्सप्रेसवे की सर्वाधिक संख्या के साथ देश में प्रथम स्थान पर है। बढ़ती सुविधाओं एवं सुरक्षा के वातावरण के फलस्वरूप, देश-दुनिया के निवेशकों के लिए उत्तर प्रदेश ड्रीम डेस्टिनेशन बना है। देश में उत्तर प्रदेश सबसे बड़ा एक्सप्रेसवे नेटवर्क वाला राज्य है। वर्ष 2025 में 6 एक्सप्रेसवे संचालित हो चुके हैं और 06 निर्माणाधीन हैं एवं 09 एक्सप्रेसवे का निर्माण प्रस्तावित है। उन्होने कहा कि हम देश के इन्फ्रास्ट्रक्चर को इतना मजबूत कर देंगे कि उत्तर प्रदेश को विकसित होने से कोई रोक नही सकता है। उत्तर प्रदेश में 16 एयरपोर्ट क्रियाशील हैं, जिसमें 04 अन्तर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर, काशी में विश्वनाथ धाम, चित्रकूट में चित्रकूट धाम एवं विन्ध्य धाम का विकसित होना उत्तर प्रदेश को एक नई पहचान दिला रहा है। हम सबको अपने इतिहास, विरासत एवं परम्परा को विस्मृत नहीं होने देना चाहिए। उन्होने कहा कि उत्तर प्रदेश के नौजवानों को रोजगार, नागरिकों को सुरक्षा हमारी सरकार की प्राथमिकता है। अभी जल्द ही हमारी सरकार ने 60244 पुलिस नौजवनों को निष्पक्ष एवं पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के अन्तर्गत नौकरी उपलब्ध करायी है, जिसमें 12045 बेटियां शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की सुरक्षा में जो सेंध लगायेगा, उसको किसी भी दशा में छोड़ा नहीं जायेगा। यह नया भारत है, देश की सुरक्षा के साथ किसी को खिलवाड़ नहीं करने दिया जायेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत के प्रधानमंत्री द्वारा साल 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य रखा गया है, जिसके लिए डबल इंजन की सरकार के प्रयासों से भारत आत्मनिर्भर बन रहा है।
मुख्यमंत्री ने काशी, विंध्याचल और अयोध्या के विकास के बाद अब मथुरा, वृंदावन की बारी है।
इस अवसर पर जलशक्ति एवं बाढ़ नियंत्रण मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री गिरीश चंद्र यादव, राज्य मंत्री संसदीय कार्य एवं औद्योगिक विकास जसवंत सिंह सैनी, विधायक कटेहरी धर्मराज निषाद, विधान परिषद सदस्य विजय बहादुर पाठक, रामसूरत राजभर, विक्रांत सिंह ‘रिशु’, मुख्य सचिव/मुख्य कार्यपालक अधिकारी, यूपिडा मनोज कुमार सिंह, सलाहकार मुख्यमंत्री अवनीश कुमार अवस्थी, पूर्व सांसद दिनेश लाल यादव, नीलम सोनकर, मंडलायुक्त विवेक, डीआईजी सुनील कुमार सिंह, जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार, पुलिस अधीक्षक हेमराज मीना, मुख्य विकास अधिकारी परीक्षित खटाना, अपर जिलाधिकारी प्रशासन राहुल विश्वकर्मा, अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 गंभीर सिंह आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *