
दैनिक भारत न्यूज
आजमगढ़।
सपा मुखिया अखिलेश यादव ने कोलकाता में डॉक्टर के मर्डर के मामले में कहा कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी खुद महिला हैं। वह महिला का दुख दर्द समझती हैं। सीबीआई या जो भी संस्था से जांच करवाने का मामला था, उन्होंने करवाया है। बंगाल सरकार सारे प्रयास कर रही है, लेकिन भाजपा इस मामले में राजनीति कर रही है।
सपा प्रमुख अखिलेश यादव शनिवार को लालगंज बाजार में आयोजित तीन अलग-अलग निजी कार्यक्रम में भाग लेने पहुंचे थे।
उन्होंने पश्चिम बंगाल के मामले को यूपी में हुई घटनाओं से जोड़ते हुए कहा कि सोनभद्र में बेटी के साथ जो हुआ, लखनऊ में दलित महिला ने सीएम कार्यालय में आत्मदाह कर लिया। इस पर भाजपा के लोग नहीं बोल रहे हैं। पत्रकार अगर आवाज उठाता है तो उस पर मुकदमा दर्ज कर दिया जाता है। जेल भेज दिया जाता है। 69000 शिक्षकों की भर्ती के मामले में कोर्ट के फैसले को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि अब सरकार पीड़ित बच्चों की सुधि लेगी। बच्चों को न्याय मिलेगा। सरकार ने जो भेदभाव किया था। उसमें सुधार किया जाएगा। कहा कि इससे पूर्व इतना बड़ा आंदोलन उन्होंने कभी नहीं देखा था। चाहे त्यौहार हो या आम दिन पीड़ित बच्चे लगातार आंदोलन करते रहे थे। अलग-अलग प्रतिनिधिमंडल बनाकर लोगों से मिले। यहां तक की खुद उनसे मिले। अब जाकर उनको न्याय मिला है। उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन की सरकार बनेगी तो सभी समस्या का हल होगा। आजमगढ़ के मामले में उन्होंने दावा किया कि लखनऊ से ज्यादा विकास यहां किया जाएगा। सड़क, बिजली, पानी, मेडिकल की सुविधा बढ़ाई जाएगी। जो मेडिकल कॉलेज यहां बना है वहां पर सुविधाएं बढ़ाई जाएगी। वर्तमान में सरकार इस पर कोई ध्यान नहीं दे रही है। प्रदेश में कई अस्पताल तो अब खंडहर हो रहे हैं। क्योंकि वहां पर डॉक्टर ही नहीं पहुंच पा रहे।
14 अगस्त को आजमगढ़ के नेहरू हाल में सपा विधायक नफीस अहमद और एक सपा कार्यकर्ता के बीच हुए विवाद पर पूछे गए सवाल के जवाब में अखिलेश यादव ने पहले मजाकिया अंदाज में कहा की यह सवाल स्वास्थ्य से जुड़ा नहीं है। इसके बाद भी अगर आपने यह सवाल पूछा है तो अच्छा किया है यह हमारे पीडीए परिवार का मसला है घर पर बैठकर हम लोग ठीक कर लेंगे।
