
दैनिक भारत न्यूज
भदोही।
जेल में बंद प्रदेश स्तरीय माफिया पूर्व विधायक विजय मिश्रा और उनके बेटे की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही। बुधवार को पिता पुत्र के खिलाफ गोपीगंज थाने में आयुध अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही।

बता दें कि शासन स्तर पर चिन्हित सफेदपोश माफिया विजय कुमार मिश्रा पुत्र स्व. रामदेव मिश्रा निवासी कौलापुर थाना गोपीगंज जनपद भदोही के नाम स्वीकृतशुदा राइफल का शस्त्र लाइसेंस तथा उनके बेटे विष्णु मिश्रा के नाम स्वीकृतशुदा राइफल व रिवाल्वर सहित कुल-3 शस्त्रों का शस्त्र लाइसेंस जिला मजिस्ट्रेट भदोही द्वारा परीक्षणोंपरांत आयुध अधिनियम के अंतर्गत निरस्त करते हुए शस्त्र व लाइसेंस बुक नियमानुसार जमा कराने का आदेश दिया था। उक्त आदेश अनुपालन में प्रभारी निरीक्षक गोपीगंज द्वारा केन्द्रीय कारागार आगरा में निरुद्व विजय कुमार मिश्रा व जिला कारागार लखीमपुर खीरी में निरुद्ध विष्णु मिश्रा को नियमानुसार नोटिस तामिला कराते हुए शस्त्र व लाइसेंस बुक जमा करने को कहा गया था। नोटिस पाने के तीन माह की अवधि के उपरांत भी शस्त्र धारकों द्वारा शस्त्र व लाइसेंस बुक जमा नहीं करते हुए आयुध अधिनियम का उल्लंघन किया गया है। ऐसे में बुधवार को विजय मिश्रा और उनके बेटे के खिलाफ एक और मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही।
