

लखनऊ।
यूपी की 10 राज्यसभा सीटों के लिए क्रॉस वोटिंग के साये में मंगलवार को मतदान जारी है। इस बीच समाजवादी पार्टी में भगदड़ सी मच गई है। सपा के आधा दर्जन विधायक एनडीए के खेमे में नज़र आ रहे हैं। भाजपा अपने आठवें उम्मीदवार संजय सेठ और समाजवादी पार्टी अपने तीसरे उम्मीदवार आलोक रंजन की जीत के लिए एड़ीचोटी का जोर लगाए हुए है। इस बीच पिछले कई दिनों से अपने उम्मीदवारों की जीत के लिए मोर्चा संभाले दिख रहे अखिलेश यादव मंगलवार की सुबह से ही एक के बाद एक प्रतिकूल परिस्थितयों का सामना कर रहे हैं। उनकी पार्टी के मुख्य सचेतक मनोज पांडेय ने इस्तीफा दे दिया है। उनकी अगुवाई में पार्टी के पांच बागी विधायकों ने लोकभवन में सीएम योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की है। इस बीच चर्चा है कि वोटिंग को लेकर मनाने के लिए जब अखिलेश ने पल्लवी पटेल को फोन किया तो दोनों के बीच कहासुनी हो गई।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार पल्लवी पटेल को अखिलेश यादव ने वोट के लिए फोन किया था। पल्लवी के करीबियों ने दावा किया कि पल्लवी से बातचीत के दौरान अखिलेश यादव ने आलोक रंजन को वोट देने के लिए मनाने की कोशिश की। उधर पल्लवी पटेल की ओर से पीडीए की राजनीति की चर्चा की गई। इस पर अखिलेश यादव थोड़ा असहज दिखे। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार अखिलेश ने नाराजगी में विधानसभा चुनाव के समय की स्थिति की बात कही। उन्होंने कहा कि हमें आपका वोट नहीं चाहिए। इसके बाद सपा अध्यक्ष की ओर से फोन काट दिया गया।
सिराथु से विधायक पल्लवी पटेल 12 बजे तक वोट डालने नहीं आई थीं। समाजवादी पार्टी द्वारा जया बच्चन और आलोक रंजन को उम्मीदवार बनाए जाने के बाद से ही पल्लवी पटेल लगातार पीडीए का सवाल उठा रही हैं। उन्होंने पहले कहा था कि वह पीडीए के पक्ष में ही मतदान करेंगी।
