दैनिक भारत न्यूज
आजमगढ़।
सिधारी थाना क्षेत्र के सिधारी मुहल्ले में स्थित शारदा हॉस्पिटल में शनिवार की सुबह बीमार युवक की मौत के बाद उसके साथियों व परिजन हंगामा करते हुए तोड़फोड़ किए। इस दौरान अस्पताल के स्टाफ के साथ ही जूनियर डॉक्टरों की पिटाई भी की गई। इस घटना से अस्पताल में भगदड़ की स्थिति उत्पन्न हो गयी। सीनियर डॉक्टर और अन्य मरीज व उनके परिजन अस्पताल छोड़कर भाग खड़े हुए। सूचना के बाद पहुंची सिधारी थाने की पुलिस से भी परिजन भिड़ गए। बड़ी मुश्किल से स्थिति पर नियंत्रण पाया गया।
बता दें कि आजमगढ़ शहर कोतवाली क्षेत्र के एलवल मोहल्ला का निवासी 26 वर्षीय अमित गोंड़ डेंगू के लक्षण के साथ इस अस्पताल में भर्ती हुआ था। ब्लड प्रेशर काफी लो चला गया था। आईसीयू में उसका इलाज चल रहा था। सीनियर डॉक्टर विजिट पर नहीं थे। परिजनों का आरोप है कि यहां पर डॉक्टर की व्यवस्था नहीं है। लेकिन आईसीयू संचालित हो रहा था। दूसरे अस्पताल के डॉक्टर यहां पर आकर मरीजों को देखते हैं। हालत बिगड़ने पर सीनियर डॉक्टर नहीं आए। इससे मरीज की मौत हो गई। वहीं अस्पताल के प्रबंधक विजय कुमार पांडे ने कहा कि यहां पर किसी प्रकार की कोई लापरवाही नहीं हुई है। आईसीयू में भर्ती अन्य मरीज की तरह अमित भी भर्ती था। उसकी स्थिति नाजुक थी। लगातार उसका उपचार किया जा रहा था। सीनियर डॉक्टर, जूनियर डॉक्टर के लगातार संपर्क में थे। सुबह तक मरीज नॉर्मल था। सवा छह बजे के आसपास वह अपने पिता के साथ वॉशरूम भी गया था। लेकिन इसके बाद उसकी सांस में काफी दिक्कत होने लगी। इसके बारे में उसके पिता को अवगत भी कराया गया था। लेकिन परिजन इसी मामले को लेकर भड़क गए। सीनियर डॉक्टर भी बाहर आ गए थे। लेकिन परिजनों का गुस्सा देखकर उनकी हिम्मत अंदर आने की नहीं हुई। इसके बाद मौके पर मरीज की मौत के बाद तोड़फोड़ शुरू कर दिए। आईसीयू में तोड़फोड़ हुई। ऑफिस में तोड़फोड़ हुई। पुलिस से भी धक्का मुक्ति हुई। पुलिस बड़ी मुश्किल से हालात पर नियंत्रण पा सकी।
