दैनिक भारत न्यूज

मेहनगर (आजमगढ़)। स्थानीय थाना परिसर में शनिवार को दुर्गा पूजा और दशहरा पर्व को लेकर पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। एसडीएम अशोक कुमार और सीओ आस्था जायसवाल के नेतृत्व में संपन्न बैठक में त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने की अपील की गई। अधिकारियों ने दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान न्यायालय के निर्देशों का पालन करने पर विशेष जोर दिया।
एसडीएम अशोक कुमार और सीओ आस्था जायसवाल ने कहा कि दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान डीजे बजाने को लेकर निर्धारित नियमों और न्यायालय के आदेशों का पालन करना अनिवार्य है। निर्धारित मानकों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज किया जाएगा। उन्होंने आयोजकों से अपील की कि जुलूस और विसर्जन के दौरान निर्धारित नियमों का पालन करें, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो।
अधिकारियों ने कहा कि त्योहार आपसी भाईचारे, प्रेम और सौहार्द का संदेश देते हैं। ऐसे में सभी लोग मिल- जुलकर पर्व मनाएं और प्रशासन का सहयोग करें। बैठक में सुरक्षा व्यवस्था, शांति बनाए रखने तथा किसी भी समस्या की स्थिति में पुलिस को तत्काल सूचना देने की बात कही गई।
इस मौके पर थानाध्यक्ष अभिराज सरोज, अक्षय प्रताप सिंह, मो. आलम, रामगोपाल त्यागी, शिवम चौधरी, जयपाल सिंह, सुभाष जायसवाल, रामबदन कन्नौजिया सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *