
नरेंद्र बहादुर राय
आजमगढ़।
निजामाबाद थाना क्षेत्र के फरिहा बाजार में ओम ज्वेलर नामक दुकान को चोरों ने निशाना बनाया। दुकान में घुसे चोरों ने उसमें रखा करीब 10 किलो चांदी व 100 ग्राम सोने के आभूषण चुरा ले गये।किसी को घटना की भनक तक नहीं लग सकी।
पीड़ित दुकानदार पवन कुमार मद्धेशिया को शुक्रवार की सुबह दुकान खोलने पर चोरी होने के घटना की जानकारी हुई। दुकान से तमाम सामान गायब देख कर वह सन्न हो गया। पुलिस को तत्काल सूचना दी गई। मौके पहुंची पुलिस ने जांच करने के बाद वहां लगे सीसी कैमरों को बारीकी से खंगाला, ताकि चोरो के बारे में कुछ अहम सुराग मिल सके। फिलहाल पुलिस अभी तक इस मामले में किसी ठोस निष्कर्ष पर नहीं पहुंच सकी है। घटना का पर्दाफाश करने में वह जुटी हुई है। बाजार वासियों ने बाजार में गश्त तेज करने की मांग की है।
