दैनिक भारत न्यूज

सोनभद्र।
मिर्जापुर के अहरौरा थाना क्षेत्र के भगवती देई स्थित प्लांट में हुए दर्दनाक हादसे ने सोनभद्र के जुगैल थाना क्षेत्र के बड़गावां गांव में मातम पसरा दिया। हादसे में जान गंवाने वाले मृतकों के शव पोस्टमार्टम के बाद रविवार सुबह उनके गांव पहुंचे तो हर आंख नम हो गई। एक साथ चार शव गांव में पहुंचते ही कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। किसी मासूम के सिर से पिता का साया उठ गया तो किसी महिला की मांग सूनी हो गई। हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन ली है।
मिर्जापुर के अहरौरा में हुए दर्दनाक हादसे की तस्वीर अब सोनभद्र के बड़गावां गांव में दिखाई दे रही है। अहरौरा थाना क्षेत्र के भगवती देई स्थित प्लांट में फाउंडेशन समेत मकान और रैंप का हिस्सा अचानक जमीन में धंस गया था। हादसे के वक्त नीचे कई लोग मौजूद थे और मलबे में दबने से चार लोगों की मौत हो गई। हादसे में जान गंवाने वाले चारों मृतक सोनभद्र के जुगैल थाना क्षेत्र स्थित बड़गावां गांव के रहने वाले थे। सभी शवों का मिर्जापुर में पोस्टमार्टम कराया गया, जिसके बाद आज सुबह चारों शव उनके पैतृक गांव पहुंचे। जैसे ही एक साथ चार शव गांव पहुंचे, पूरे गांव में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातम पसरा हुआ है। मृतकों के घर पहुंचे शवों को देखकर हर किसी की आंखें नम हो गईं।
बताया गया कि घटना से एक दिन पहले ही मृतक अशोक काम पर गए थे। अशोक के परिवार में चार बच्चे हैं, जिनमें दो बेटियां और दो बेटे हैं। पिता की मौत के बाद इन मासूम बच्चों की दुनिया ही मानो उजड़ गई है। वहीं, हादसे में जान गंवाने वाले अन्य मृतकों के परिवारों पर भी दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। किसी मासूम ने अपना पिता खो दिया तो किसी परिवार ने अपना सहारा। चार परिवारों की खुशियां एक झटके में मातम में बदल गईं। शव गांव पहुंचने की सूचना पर जुगैल थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई है। पुलिस के साथ अन्य अधिकारी भी गांव में मौजूद रहे और पूरे घटनाक्रम पर नजर रखी जा रही है। एक साथ चार शव पहुंचने के बाद बड़गावां गांव में मानो शोक की लहर दौड़ गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *