दैनिक भारत न्यूज

आजमगढ़।
जनपद में अतिरिक्त उप जिला मजिस्ट्रेट के पद पर कार्यरत रहे संजय चावला को शासन द्वारा पदोन्नति प्रदान किए जाने के उपरान्त जनपद आजमगढ़ में ही अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) के पद पर नियुक्त किया गया है। शासन के निर्देशों के क्रम में संजय चावला ने 28 जुलाई 2026 को अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) का पदभार ग्रहण किया।
पदभार ग्रहण करने के उपरान्त संजय चावला ने कहा कि जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार के कुशल मार्गदर्शन एवं निर्देशन में जनपद के चौमुखी विकास, सुशासन तथा जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाने के लिए समर्पित भाव से कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकताओं एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के साथ ही आमजन की समस्याओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।
संजय चावला के अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) का पदभार ग्रहण करने पर जनपद के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं जनपदवासियों द्वारा उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं। इस अवसर पर लोगों ने कहा कि संजय चावला पूर्व में भी जनपद आजमगढ़ में महत्वपूर्ण प्रशासनिक दायित्वों का निर्वहन कर चुके हैं। जनपद में पूर्व से कार्यरत रहने के कारण वे यहां की प्रशासनिक व्यवस्था, स्थानीय परिस्थितियों, जनसमस्याओं तथा विकास की आवश्यकताओं से भली-भांति परिचित हैं।
लोगों ने विश्वास व्यक्त किया कि उनके पूर्व अनुभव एवं प्रशासनिक दक्षता का लाभ जनपद को मिलेगा तथा वे अपने कार्यकाल में जनहित से जुड़े कार्यों को गति प्रदान करने के साथ ही जनपद के विकास को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) संजय चावला ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शी, संवेदनशील एवं उत्तरदायी प्रशासन सुनिश्चित करने के लिए सभी संबंधित विभागों के साथ प्रभावी समन्वय स्थापित करते हुए कार्य किया जाएगा। उन्होंने जनपद के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से टीम भावना के साथ कार्य करते हुए जनसामान्य को बेहतर प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध कराने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *