
दैनिक भारत न्यूज
आजमगढ़।
पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए लायंस क्लब आजमगढ़ के तत्वावधान में ईशान पब्लिक स्कूल परिसर गोमाडिह में वृहद वृक्षारोपण अभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान के प्रथम चरण में 21 फलदार पौधों का रोपण किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ क्लब के अध्यक्ष रवि जायसवाल के नेतृत्व में हुआ। इस अवसर पर उपस्थित सदस्यों ने अधिक से अधिक वृक्ष लगाने तथा उनके संरक्षण का संकल्प लिया।
अध्यक्ष रवि जायसवाल ने कहा कि वृक्षारोपण केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा के अनुरूप पर्यावरण संरक्षण और हरित आवरण बढ़ाने के उद्देश्य से लायंस क्लब आजमगढ़ द्वारा यह वृहद वृक्षारोपण अभियान चलाया जा रहा है। प्रत्येक नागरिक को पौधे लगाने के साथ-साथ उनके संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए।
क्लब के सचिव सुनील अग्रवाल ने कहा कि वृक्षारोपण अभियान केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि एक सतत जनजागरूकता अभियान है। सरकार की मंशा के अनुरूप क्लब आगामी दिनों में भी विभिन्न स्थानों पर फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण कर अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़ने का कार्य करेगा।
ईशान पब्लिक स्कूल के निदेशक अशोक श्रीवास्तव ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। सरकार की मंशा के अनुरूप विद्यालय परिवार विद्यार्थियों में प्रकृति के प्रति प्रेम, पर्यावरण संरक्षण तथा पौधों के संरक्षण की भावना विकसित करने के लिए निरंतर जागरूकता कार्यक्रम संचालित करता रहेगा।
क्लब के पदाधिकारियों ने बताया कि अभियान का दूसरा चरण आगामी रविवार को शहर के किसी अन्य स्थान पर आयोजित किया जाएगा, जहां पुनः फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया जाएगा।
वृक्षारोपण कार्यक्रम में क्लब के वरिष्ठ सदस्य सुदर्शन दास अग्रवाल, कोषाध्यक्ष शशि भूषण अग्रवाल, सचिव सुनील अग्रवाल, लायन संजय डालमिया, लायन डॉ. भक्त वत्सल, लायन सी.के. त्यागी, लायन अभिषेक द्विवेदी, लायन गोबिंद अग्रवाल, लायन ओम अग्रवाल, लायन अशोक श्रीवास्तव, लायन विजय कुमार, लायन राकेश द्विवेदी, लायन मुकुंद अग्रवाल सहित क्लब के अनेक सदस्यों ने सहभागिता की। कार्यक्रम में विद्यालय परिवार ने भी सक्रिय सहयोग किया।
अंत में सभी उपस्थित लोगों ने सरकार की मंशा के अनुरूप पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने, अधिकाधिक वृक्षारोपण करने तथा लगाए गए पौधों के संरक्षण का संकल्प लिया।
