
दैनिक भारत न्यूज
मुजफ्फरनगर।
जनपद में पिछले कई दिनों से रुक-रुक कर हो रही बारिश ने एक गरीब परिवार पर ऐसा कहर बरपाया कि पूरा परिवार उजड़ गया। फुगाना थाना क्षेत्र के गांव हबीबपुर में देर शाम लगातार हुई बारिश के कारण इस्लामुद्दीन का कच्चा मकान अचानक भरभराकर ढह गया। हादसे के समय परिवार के सभी सदस्य घर के अंदर मौजूद थे और देखते ही देखते पूरा परिवार मलबे के नीचे दब गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और ग्रामीणों की मदद से राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। काफी मशक्कत के बाद मलबे में दबे सभी सात लोगों को बाहर निकाला गया। इनमें इस्लामुद्दीन, उनके दो बेटे जीशान और आहद तथा दो बेटियां अलशीफा और रुक्सार की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि परिवार के दो अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल मिले, जिन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत नाजुक देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया।
इस हृदयविदारक घटना की जानकारी मिलते ही कमिश्नर रूपेश राय, जिलाधिकारी उमेश मिश्रा, डीआईजी अभिषेक सिंह और एसएसपी संजय वर्मा मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया और शोक संतप्त परिजनों को सांत्वना दी। प्रशासन ने पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया।
कमिश्नर रूपेश राय ने बताया कि मुख्यमंत्री राहत कोष से मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। प्रशासन द्वारा घायलों के समुचित उपचार की व्यवस्था भी कराई जा रही है।
