दैनिक भारत न्यूज

आजमगढ़।
विवेचना में गोलमाल करने पर जीयनपुर कोतवाली में तैनात दरोगा और गड़बड़ी कार्यशैली पर सिधारी थाने में तैनात मुख्य आरक्षी को पुलिस अधीक्षक डाक्टर अनिल कुमार ने निलंबित कर दिया। साथ ही विभागीय जांच के आदेश दिए हैं।
बता दें कि जनपद आजमगढ़ में पुलिस विभाग में अनुशासन एवं जवाबदेही बनाए रखने हेतु पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार द्वारा लगातार समीक्षा की जा रही है।
समीक्षा के दौरान थाना जीयनपुर पर तैनात उपनिरीक्षक गोपाल प्रसाद मौर्य द्वारा एक विवेचना में बिना उच्चाधिकारियों के संज्ञान में लाए ही गंभीर धाराओं में परिवर्तन करते हुए विवेचना में घोर लापरवाही एवं आदेशों की अवहेलना किए जाने पर निलंबित कर दिया। इसी क्रम में थाना सिधारी पर तैनात मुख्य आरक्षी अखिलेश कुमार द्वारा ड्यूटी के दौरान स्वेच्छाचारिता, अनुशासनहीनता एवं पदीय दायित्वों के प्रति लापरवाही बरतने के आरोप में निलंबित कर दिया।
पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिए हैं कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी एवं अनुशासन के साथ करें। कर्तव्य पालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनुशासनहीनता पाए जाने पर कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
एसपी ने कहा कि आजमगढ़ पुलिस कानून-व्यवस्था, जनसुरक्षा एवं अनुशासित पुलिसिंग के प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *