दैनिक भारत न्यूज

आजमगढ़।
जिले के चर्चित क्षेत्र सरायमीर में इन दिनों लो वोल्टेज और बिजली की अंधाधुंध कटौती की गंभीर समस्या से आम जनता त्रस्त हैं। सोशलिस्ट किसान सभा और पूर्वांचल किसान यूनियन ने इस समस्या के तत्काल समाधान की मांग की है। मांग न पूरी होने पर आंदोलन करने की चेतावनी दिया गया है।
दोनों संगठनों के साथी इन दिनों क्षेत्र में संपर्क संवाद कार्यक्रम चला रहे हैं। इसी क्रम में सामाजिक कार्यकर्ता कलीम जमाई ने बताया कि सरायमीर क्षेत्र में बिजली व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त है। किसान, छात्र, व्यापारी और आम नागरिक भीषण गर्मी में लो वोल्टेज के कारण भारी परेशानी झेल रहे हैं।
किसान संगठनों का कहना है कि दिन रात वोल्टेज इतना कम रहता है कि पंखे, कूलर, फ्रिज, पानी की मोटर तक नहीं चल पा रहे हैं। कम वोल्टेज से उपकरण खराब हो रहे हैं और उपभोक्ताओं को आर्थिक नुकसान हो रहा है।
किसान संगठनों की प्रमुख मांगें हैं कि क्षेत्र के सभी फीडरों एवं ट्रांसफार्मरों का तकनीकी निरीक्षण कराया जाए, ओवरलोड ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाई जाए, जर्जर लाइनों का नवीनीकरण हो, मानक वोल्टेज सुनिश्चित किया जाए और निगरानी के लिए अवर अभियंता की टीम तैनात की जाए।
सोशलिस्ट किसान सभा के महासचिव राजीव यादव व पूर्वांचल किसान यूनियन के महासचिव विरेंद्र यादव ने संयुक्त रूप से चेतावनी दी कि अगर 48 घंटे के अंदर बिजली व्यवस्था नहीं सुधारी गई तो दोनों संगठनों के कार्यकर्ता लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने को बाध्य होंगे। इसकी संपूर्ण जिम्मेदारी विद्युत विभाग की होगी।
नेताओं ने क्षेत्र के सांसद, विधायक एवं अन्य जनप्रतिनिधियों से भी अपील की है कि वे इस जनसमस्या को प्राथमिकता के आधार पर उठाएं और स्थायी समाधान के लिए प्रभावी पहल करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *