दैनिक भारत न्यूज

लालगंज (आजमगढ़) स्थानीय तहसील परिसर में बृहस्पतिवार को फर्जी अधिवक्ता को पकड़ कर अधिवक्ताओं ने पुलिस को सुपुर्द कर दिया। तहसील परिसर में फर्जी अधिवक्ताओं व दलालों की भरमार हो गयी है। जिसको लेकर आए दिन कोई न कोई हंगामा होते रहता है। वहीं स्थानीय प्रशासन इस सबसे अनभिज्ञ बना रहता है। अधिवक्ताओं की भेषभूषा में काफी संख्या में ऐसे लोग तहसील परिसर में घूमते रहते हैं, जिनका राज्य विधिज्ञ परिषद में पंजीकरण नहीं हुआ है। दी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष नगेंद्र सिंह कई बार ऐसे लोगों को चेतावनी दिए, परन्तु उन पर इसका कोई असर नहीं पड़ा। बल्कि ऐसे लोग बेधड़क होकर अधिकारियों के चैम्बर में बैठ के लोगों की पैरवी करते रहते हैं। इतना ही नहीं न्यायालयों में इनके द्वारा पत्रावलियों का मुआयना भी किया जाता है। एसोसिएशन के पदाधिकारियों द्वारा जब इन फर्जी अधिवक्ताओं को रोक कर पूछताछ किया जाता है वह ऊटपटांग जवाब देते हुए देख लेने की धमकी देते रहते हैं। बृहस्पतिवार को तरवां थाना क्षेत्र के धोरियाँ गांव निवासी रविंद्र राजभर पुत्र राम बरन तहसील में अधिवक्ता की भेषभूषा में कार्य कर रहे थे कि कुछ अधिवक्ताओं ने उनको रोककर पूछताछ करना शुरू कर दिया। हंगामा देखकर अध्यक्ष नगेंद्र सिंह ने पुलिस को सूचना दिया। पुलिस मौके पर पहुंचकर फर्जी अधिवक्ता को पकड़ कर कोतवाली ले गयी। अध्यक्ष ने फर्जी अधिवक्ता के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करने हेतु तहरीर देवगांव कोतवाली में दे दिया है। देखना है कि तहसील में घूम रहे फर्जी अधिवक्ताओं पर अंकुश लगाने के लिए बार एसोसिएशन व प्रशासन द्वारा कौन सी कार्यवाही की जाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *