
दैनिक भारत न्यूज
आजमगढ़।
सदर तहसील के ग्राम दुधनारा में नहर का पानी ओवरफ्लो होने से लगभग 50 एकड़ से अधिक फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। फसलें जलमग्न हो गयी हैं।
ग्राम दुधनारा-मड़या में स्थित शारदा खंड 32 नहर की सिल्ट सफाई पिछले दिनों कराई गई थी। यह नहर लेडुआ से होते हुए ग्राम दुधनारा तक आती है और आगे सिलनी नदी में मिलनी चाहिए, लेकिन नहर विभाग की लापरवाही एवं मिलीभगत के चलते नहर को जानबूझकर नदी तक नहीं जोड़ा गया है।
नहर की सफाई केवल दुधनारा गांव तक ही कर दी जाती है, जबकि उसके आगे का हिस्सा वर्षों से उपेक्षित है। यह समस्या विगत कई वर्षों से लगातार बनी हुई है। इसके बावजूद न तो नहर की पूर्ण सफाई कराई जाती है और न ही समय रहते पानी बंद किया जाता है। नहर विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं सफाई कार्य में लगे ठेकेदारों की खुली लापरवाही और भ्रष्टाचार के कारण इस वर्ष लगभग 50 एकड़ से अधिक किसानों की खड़ी गेहूं की फसल पूरी तरह नष्ट हो गई है।
इस मामले को लेकर गांव के लोग शनिवार की सुबह सत्यम प्रजापति के नेतृत्व में नहर के पास धरने पर बैठ गए। धरने के दौरान सत्यम प्रजापति ने कहा कि नहर विभाग के अधिकारियों की लापरवाही का ही नतीजा है कि नहर की सफाई नदी तक नहीं कराई जाती, जिससे किसानों को इतना बड़ा नुकसान झेलना पड़ रहा है।
किसान एकता समिति के महेन्द्र यादव ने कहा कि यह नहर विभाग की बड़ी लापरवाही है। यदि नहर को जल्द नदी से पूरी तरह नहीं जोड़ा गया तो विभागीय अधिकारियों के खिलाफ आंदोलन किया जाएगा। इसके साथ ही कृष्णा राय ने कहा कि कभी भी कोई अधिकारी मौके पर नहीं आता और नहर पूरी तरह जर्जर हो चुकी है।
कन्हैया प्रजापति ने कहा कि नहर सिलनी नदी में पूरी तरह नहीं मिल पाई है और कुछ लोगों ने नहर के रास्ते को खेत बना लिया है जो नहर विभाग के कर्मचारियों की घोर लापरवाही से हुआ है। वहीं फरीराम ने बताया कि यह समस्या पिछले 5 से 8 वर्षों से लगातार होती आ रही है, लेकिन न तो कोई अधिकारी मौके पर आता है और न ही किसानों की बात सुनी जाती है। शिवात्मा प्रजापति ने कहा कि उनका घर तालाब के किनारे स्थित है और नहर का पानी भर जाने से स्थिति गंभीर हो गई है। यदि और पानी आया तो उनके घर में पानी घुस सकता है।
धरने में एडवोकेट विनोद यादव, सोशलिस्ट किसान सभा नगर प्रभारी अवधेश यादव, शिवचरन प्रजापति, सरोज प्रजापति, रामाश्रय मौर्य, रोशन कुमार, लालजीत राम, लालमती देवी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
