
दैनिक भारत न्यूज
प्रयागराज।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 10 फरवरी को प्रयागराज पहुंचकर वह पवित्र संगम में डुबकी लगाएंगी। इसके बाद अक्षयवट व बड़ा हनुमान मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगी। राष्ट्रपति करीब पांच घंटे तक महाकुंभ नगर में मौजूद रहेंगी।
उनके आगमन को लेकर प्रयागराज मेला प्राधिकरण तथा जिला पुलिस व प्रशासन की ओर से तैयारियां तेज कर दी गई हैं। राष्ट्रपति के स्नान के दौरान संगम तट समेत सभी स्नान घाटों पर आम श्रद्धालु डुबकी लगा सकेंगे। अलबत्ता स्नान घाटों पर सुरक्षा तगड़ी रहेगी।
बता दें कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पांच फरवरी 2025 को जब संगम में डुबकी लगा रहे थे, तो श्रद्धालुओं के स्नान पर कोई रोक नहीं थी। राष्ट्रपति के स्नान के दौरान संगम में नावों के संचालन पर रोक रहेगी। बोट क्लब, किला घाट, वीआइपी घाट किला, अरैल घाट की जेटी प्रतिबंधित रहेंगी।
उनके आने पर अरैल व संगम से लेकर किला व हनुमान मंदिर तक वाहनों का आवागमन भी बंद रहेगा। राष्ट्रपति दोपहर में लगभग 12 बजे त्रिवेणी स्नान को पहुंचेंगी। स्नान के बाद वह गंगा की पूजा और आरती करेंगी। राष्ट्रपति के लौट जाने के बाद ही नावों का संचालन हो सकेगा।
