
दैनिक भारत न्यूज
आजमगढ़।
लालगंज तहसील क्षेत्र के रवनिया गांव में स्थित देव स्थान और धर्मशाला को ढहाकर उस पर कब्जा करने का मामला धीरे धीरे तूल पकड़ने लगा है। गांव के लोग जिलाधिकारी से पूरे प्रकरण की शिकायत कर चुके हैं।
बुधवार को रवनिया गांव में स्थित धर्मशाला और देवालय को बचाने के लिए हिन्दू महासभा के तमाम नेतागण मौके पर जुटे थे। इस अवसर पर मौजूद चौहान सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं वरिष्ठ भाजपा नेता श्याम सुंदर चौहान भी मौजूद थे। श्याम सुंदर ने कहा कि भारत देश परंपराओं का देश है। हमारे देवी देवता हमारे आराध्य हैं। किसी को भी हिन्दूओं की भावना से खेलने का अधिकार नहीं है। ऐसा षड्यंत्र रचने वालों को हम लोग माफ नहीं करेंगे। माफियाओं की ईंट से ईंट बजा दी जाएगी। मौके पर मौजूद सैकड़ों ग्रामीणों के बीच श्याम सुंदर चौहान ने मौके पर भगवान शंकर का जलाभिषेक किया। विधिवत पूजन अर्चन करने के बाद मौके पर भव्य शिवमंदिर और धर्मशाला बनाने का हर संभव प्रयास करने का ग्रामीणों को आश्वासन दिया।
आजमगढ़ और जौनपुर जिले के बार्डर पर स्थित रवनिया गांव का कुछ हिस्सा जौनपुर जिले के गौराबादशाहपुर बाजार में पड़ता है। यहां पर वर्षों पुराना धर्मशाला और देव स्थान स्थित है। यहीं पर बगल में स्नान के लिए पोखरा भी स्थित है। गांव के बुजुर्गों ने यात्रियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए बनवाया था, लेकिन कुछ लोग इस जमीन पर कब्जा करने के उद्देश्य से मंदिर और धर्मशाला को ढहाकर वहां पर पंचायत भवन बनवा रहे हैं। जबकि गांव के मध्य में पूराना पंचायत भवन मौजूद है। इसके बाद भी इस प्रकार का खेल खेलते हुए लोगों की भावनाओं से खिलवाड़ किया जा रहा।
