
दैनिक भारत न्यूज
आजमगढ़।
गंभीरपुर थाना क्षेत्र के लहबरिया गांव में नेशनल हाइवे नंबर 233 पर स्थित आंगन ढाबा पर भोजन में ग्राहकों को कुत्ते की मीट परोसने के मामले में गुरुवार की देर शाम को नया मोड़ आ गया। इस मामले की वीडियो वायरल करने वालों के खिलाफ ढाबा संचालक ने गंभीरपुर थाने में तहरीर दिया। जिसमें किसी अभिषेक नामक युवक और उसके दोस्तों को आरोपित किया है। तहरीर मिलने के बाद गंभीरपुर थाने की पुलिस मामले की सक्रियता से जांच पड़ताल करने में जुट गयी है।
गुरुवार की देर शाम को गंभीरपुर थाने में तहरीर देने वाले खुर्शीद पुत्र फैजान सरायमीर थाना क्षेत्र के खंडवारी गांव का रहने वाला है। वह गंभीरपुर थाने के लहबरिया गांव में आंगन ढाबा चलाता है। जो नेशनल हाइवे नंबर 233 पर स्थित है। खुर्शीद के मुताबिक 26/27 सितंबर 2024 की रात को अभिषेक नामक युवक (नाम और पता अज्ञात, केवल मोबाइल नंबर है ) अपने दस से पंद्रह मित्रों के साथ जन्मदिन मनाने पहुंचे। जन्मदिन मनाने के बाद खाने के लिए बकरे की रांन मशाला और वेज भोजन का आर्डर किए। खाने के बाद यह लोग बकरे की रांन मशाला का गलत तरीके से वीडियो बनाकर बताए कि यह बकरे की रांन मशाला नहीं है, बल्कि किसी अन्य जानवर की मांस है। उन लोगों ने कहा कि मैं इसकी जांच कराऊंगा। उन लोगों ने इस पूरे मामले का गलत तरीके से प्रचार करते हुए वीडियो सोशल मीडिया में वायरल कर दिया। जिससे हमारे ढाबे की बहुत बदनामी हो रही है। वायरल हो रहा वीडियो पूरी तरह से गलत और झूठा है। ऐसे में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की जाती है।
बता दें गंभीरपुर थाने के लहबरिया गांव में स्थित आंगन ढाबा का वीडियो सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा। जिसमें ग्राहकों को कुत्ते की मांस परोसने का आरोप है। इस तरह का वीडियो वायरल होने से चर्चाओं का बाजार गरम है। इस संबंध में कुछ लोग व्यापारिक प्रतिस्पर्धा के चलते बदनाम करने की साजिश बता रहे हैं। पुलिस सच का पता लगाने में जुटी है।
इस संबंध में सीओ सदर शुभम अग्रवाल ने बताया कि तहरीर के मुताबिक एक नामजद और कयी अज्ञात के खिलाफ संबंधित धारा में केस दर्ज कर ली गयी है। पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। इसमें जो भी दोषी पाया जाएगा। उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
