
दैनिक भारत न्यूज
आजमगढ़।
अखिल भारत हिन्दू महासभा त्रिदंडी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ऋषि त्रिवेदी ने शहर के भंवरनाथ मंदिर के पास पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि मुस्लिम तुष्टिकरण, जातिवाद व आरक्षण के नाम पर होने वाली राजनीति ने देश को रसातल में धकेलने का काम किया है। जिसका नतीजा धार्मिक आधार पर पाकिस्तान बनने के बाद भी भारत के हालात बंटवारे के समय से ज्यादा बदतर हो चुका है। पार्टी के संगठनात्मक कार्यों की समीक्षा और कार्यकर्ताओं की बैठक में हिस्सा लेने आये हिन्दू महासभा त्रिदंडी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ऋषि त्रिवेदी ने साफ कहा कि धार्मिक आधार पर पाकिस्तान बनने के बाद भी देश के बहुसंख्यक हिन्दू समाज के हितों से समझौता कर मुस्लिम तुष्टिकरण की नीतियों पर काम किया गया। जिसका परिणाम आज देश के नौ राज्यों में हिन्दू अल्पसंख्यक हो चुका है, बावजूद इसके देश में हिन्दू मुस्लिम एकता, गंगा जमना तहजीब की बातें कर हिन्दुओं को बरगलाने का काम किया जा रहा है। ऐसी परिस्थितियों में अखिल भारत हिन्दू महासभा त्रिदंडी अब देश में हिन्दू हितों के साथ समझौता नहीं होने देगी और हिन्दू समाज को जागरूक कर जातिवाद से ऊपर उठकर एकजुट करने का प्रयास करेगी। श्री त्रिवेदी ने कहा कि देश में सबका साथ सबका विकास का नारा धोखा देने वाला है, अगर देश का वास्तव में विकास करना है तो हिन्दू का साथ हिन्दू का विकास नारे के साथ आगे आना होगा। श्री त्रिवेदी ने आरक्षण को लेकर कहा कि आरक्षण हिंदुओं को एक होने में बाधक है। त्रिवेदी ने स्पष्ट किया कि आरक्षण मंत्री, विधायक, सांसद, डीएम, एसडीएम या ए क्लास अफसर को नहीं, बल्कि गरीबों को दिया जाए। त्रिवेदी ने कहा जिनको मुक्त राशन उनको मिले आरक्षण। पार्टी की नीतियों पर चर्चा करते हुए कहा कि हिन्दू महासभा त्रिदंडी देश को हिन्दू राष्ट्र घोषित करने के संकल्प के साथ काम कर रही है, और इसी संकल्प के साथ हिन्दुओं को एकजुट करने का कार्य कर रही है। इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष विजयपाल, जिला उपाध्यक्ष रामचंद्र मौर्य, पूर्वांचल मंत्री कुश कुमार पाठक, आजमगढ़ के जिला अध्यक्ष प्रवीण उपाध्याय, जंग बहादुर यादव, गीता यादव आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।
