दैनिक भारत न्यूज

लाटघाट।
हरैया विकासखंड के पोखरा गांव में विकास कार्यों की जांच करने के लिए टीम पहुंची।
जांच टीम में एडीओ एसडी रामकृपाल दूबे, ग्राम पंचायत अधिकारी सावन सोनकर, टेक्निकल इंजीनियर राकेश कुमार, ब्लॉक मनरेगा और अभियंता रोशन लाल टीम के साथ तुलापुर गांव पहुंचे। वहां करीब 11 बजे से चार बजे तक जांच किए। इस दौरान मनरेगा मजदूर और गांव के तमाम लोग मौजूद रहे।
बता दें कि पोखरा गांव निवासी कुछ लोगों ने गांव में हुए विकास कार्यों को लेकर मुख्य विकास अधिकारी और श्रम उपायुक्त आजमगढ़ के यहां शिकायत किए थे। आरोप है कि इंटरलॉकिंग, चकमार्ग और पोखरी में जो भी काम किए गये हैं वह मानक के विपरीत हैं।
शिकायतकर्ता की शिकायत पर मुख्य विकास अधिकारी व श्रम उपायुक्त आजमगढ़ ने टीम बनाकर स्थलीय व भौतिक निरीक्षण के लिए गांव में भेजा।
टीम जैसे ही गांव पहुंची तो वहां दर्जनों मनरेगा मजदूर और गांव के लोग मौजूद रहे। जांच टीम के समक्ष मजदूरों ने कहा कि गांव में हुए इन विकास कार्यों को हम लोगों ने किया है। गांव के प्रधान मुकेश प्रजापति को जानबूझकर परेशान किया जा रहा है और गांव के विकास को रोका जा रहा है। इस दौराश गांव की कई महिलाएं उपस्थित होकर शिकायतकर्ताओं के खिलाफ शिकायत दर्ज कराईं। मनरेगा मजदूर रानी देवी ने कहा कि हम सभी महिलाओं को समय से काम मिलता है, चकमार्ग, पोखरी की खुदाई हर जगह हम लोगों ने काम किया है। आरोप है कि शिकायतकर्ता की बेवजह शिकायत करने की आदत है। कौशिल्या देवी ने कहा कि हमको काम मिला है, शिकायतकर्ता की गांव में शिकायत की आदत पड़ गई है। मुन्नी देवी ने बताया कि शिकायतकर्ता प्रधान से चुनावी रंजिश रखते हैं। इसीलिए शिकायत करते हैं।
इस संबंध में टीम में शामिल मनरेगा और अभियंता रोशन लाल से पूछा गया तो कहा कि सारे काम कराए गए हैं और जो काम नहीं हुआ है उसका भुगतान भी नहीं कराया गया है। इसकी रिपोर्ट हम उच्च अधिकारियों को सौंप देंगे। मनरेगा मजदूरों का बयान दर्ज किया गया है और शिकायतकर्ता को भी बता दिया गया है।
ग्राम प्रधान मुकेश प्रजापति ने कहा कि जब से चुनाव हुआ है यह परिवार बराबर हमारी शिकायत करते हैं। गांव के विकास कार्यों में खलल डाल रहे हैं, और धमकी भी देते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *