दैनिक भारत न्यूज

आजमगढ़।
सिधारी थाने की पुलिस बुधवार की सुबह मूसेपुर रेलवे क्रासिंग के पास से चोरी की बाइक के साथ फर्जी दरोगा को गिरफ्तार कर जेल भेजवा दी। वह पुलिस का फर्जी पहचान पत्र दिखाकर लोगों से रुपये ऐठने का काम करता था।
प्रभारी निरीक्षक सिधारी योगेंद्र बहादुर सिंह के मुताबिक बुधवार को अपराध निरीक्षक अनुराग कुमार मय हमराह, उप निरीक्षक धर्मेन्द्र सिंह, उप निरीक्षक सौरभ कुमार सिंह मय हमराह द्वारा प्रचलित लोकसभा चुनाव व वी.वी.आई.पी. भ्रमण कार्यक्रम के दृष्टिगत होटल, ढाबा रेलवे स्टेशनों एवं अन्य स्थानों पर चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान सूचना मिली कि एक व्यक्ति चोरी की मोटर साइकिल के साथ इटौरा से कन्धरापुर की तरफ जाने वाला है। इस सूचना पर पुलिस टीम मूसेपुर रेलवे क्रासिंग पर उक्त व्यक्ति का इंतजार करने लगे कि थोड़ी देर में एक व्यक्ति अपाची से आता हुआ दिखाई दिया। नजदीक आने पर पुलिस बल द्वारा रोकने का प्रयास किया गया तो उक्त व्यक्ति पुलिस बल को देखकर हड़बड़ाहट में मोटर साइकिल मोड़कर भागने के प्रयास में फिसलकर गिर गया। जिसे गिरफ्तार कर लिया गया।गिरफ्तार अभियुक्त सुनील यादव पुत्र प्रदुम्मन यादव ग्राम अलीपुर मदरा पोस्ट अलीपुर मदरा जनपद गाजीपुर (उत्तर प्रदेश) का निवासी है। तलाशी लेने पर उसके पास से 2 मोबाइल फोन, एक पुलिस पहचान पत्र, आधार कार्ड, उत्तर प्रदेश पुलिस की बावर्दी 3 फोटो प्राप्त हुआ। वाहन के नंबर प्लेट, चेचिस नम्बर व इंजन नम्बर को चेक किया गया तो किसी अन्य के नाम पर दर्ज होना पाया गया तथा नम्बर प्लेट उक्त मोटर साइकिल से नहीं मिलता है। पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि यह मोटर साइकिल चोरी की है। पकड़े जाने पर वह फर्जी पहचान पत्र व आधार कार्ड दिखाकर बच जाता था। इसी आई कार्ड को दिखाकर लोगों को बहला फुसलाकर पैसा ले लेता था। वह सिधारी थाने के हरबंशपुर निवासी राजेश विश्वकर्मा पुत्र हीरालाल विश्वकर्मा से ए.टी.एम. लगवाने के नाम पर रूपया लिए थे जिसके संबंध में थाना सिधारी पर मुकदमा पंजीकृत है। इसीक्रम में थाना कोतवाली अंतर्गत मोहल्ला सिविल लाइन के रजनीश विश्वकर्मा पुत्र रामनयन विश्वकर्मा से जमीन देने के नाम पर रुपया लिया था। जिसके सम्बन्ध में थाना कोतवाली में मुकदमा पंजीकृत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *