

दैनिक भारत न्यूज
आजमगढ़।
लोकसभा चुनाव 2024 के छठें चरण के चुनाव के लिए आजमगढ़ में नामांकन जोरशोर से चल रहा है। इसीक्रम में शुक्रवार को बसपा के आजमगढ़ सदर और लालगंज सुरक्षित सीट के लिए प्रत्याशियों ने नामांकन किया। कलक्ट्रेट में पर्चा दाखिला के बाद दोनों प्रत्याशियों ने विपक्ष पर हमला बोले। इससे राजनितिक माहौल गरमा गया है।
सपा और भाजपा के प्रत्याशी एक मई को नामांकन पत्र दाखिल कर चुके हैं। जबकि बसपा पर आमजन की निगाहें टिकी हुई थी। लेकिन पांचवें दिन शुक्रवार को दोनों लोकसभा सीट के लिए बसपा प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया। लालगंज की बसपा प्रत्याशी डा. इंदू चौधरी नामांकन के लिए पहुंची, लेकिन प्रस्तावकों के इंतजार में वह कुछ देर के लिए बैरिकेडिंग के पास ही रुक गईं। तब तक बसपा के आजमगढ़ सदर प्रत्याशी मसहूद अहमद समर्थकों के साथ नामांकन करने के लिए पहुंचे गए। इसके कुछ देर बाद ही लालगंज बसपा प्रत्याशी भी प्रस्तावक के आने के बाद नामांकन करने कलेक्ट्रेट में दाखिल हुई। नामांकन के बाद दोनों प्रत्याशियों ने मीडिया वालों से वार्ता की। मसहूद अहमद ने जहां भाजपा और सपा प्रत्याशियों के बाहरी होने की बात कही, तो डा. इंदू चौधरी ने सपा को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि सपा, बसपा को हमेशा भाजपा की ‘बी’ टीम कहती है, लेकिन मुसलमानों पर जुल्म हो रहा है और सपा कुछ नहीं बोल रही है। आज बसपा ने 27 मुस्लिम प्रत्याशी उतारे हैं। ऐसे में भाजपा की ‘बी’ टीम बसपा नहीं बल्कि सपा है। नामांकन को लेकर एसपी सिटी शैलेंद्र लाल और एडीएम प्रशासन राहुल विश्वकर्मा खुद कलेक्ट्रेट चौराहे पर जमे रहे। दोनों प्रत्याशियों का नामांकन संपन्न होने के बाद ही वहां से रवाना हुए।
